
murder
झालावाड़/पिड़ावा। जिले के पिड़ावा कृषि उपज मंडी के पास बर्थडे पार्टी ( birthday party ) कर रहे दो दर्जन युवाओं पर फायरिंग ( firing ) के दौरान कस्बा निवासी ऋषिराज जिंदल के सीने में गोली लगने से मौके पर हुई मौत के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और मित्रों ने थाना परिसर के सामने कस्बे के मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।
2 दर्जन से अधिक युवकों पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
मृतक के मौसी के लडक़े कुलदीप अग्रवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार रात 10 बजे कस्बा निवासी विजय शर्मा, बबलु लोहार व संदीप सोलंकी का ग्रीन वैली रिसोर्ट के सामने आम रोड पर मैं और मेरे मौसी के लडक़े ऋषिराज जिंदल सहित अन्य साथी आकाश लुहार, आदित्य सोलंकी, शुभम सोलंकी, यशवंत धोबी, विजय सोनी, जयश पंडित, चीकू मेवाड़ा, अंकित राठौर, अशोक बागवान, रवि सावंत, अर्जुन बागवान सहित अन्य दोस्त पार्टी कर रहे थे।
तभी लगभग 10:30 बजे एक मोटरसाइकिल पर दो लोग बैठकर आए। उन्होंने हमसे कहा कि यहां से चले जाओ यहां पार्टी मत करो। जिसके बाद हम वहां से जाने लगे। करीब 10 मिनट के बाद मिरपुरा निवासी तीन लोग इमरान पुत्र अलीम भाई, खालिद पुत्र अलीम भाई व अनवर पुत्र अलीम भाई तीनों एक मोटरसाइकिल पर बैठकर आए। आते ही इमरान ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान विजय शर्मा के बाएं कंधे से ऊपर होकर गोली निकल गई। दूसरी बार इमरान द्वारा फायरिंग करने पर ऋषि राज जिंदल के बाएं तरफ सीने पर दिल के पास फायरिंग की। गोली लगते ही ऋषिराज मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद खालीद और अनवर ने अन्य साथी युवकों पर भी फायरिंग की।
मिरपुरा निवासी मंजलां भाई सहित करीब अन्य 10 अज्ञात लोग भी इनके साथ थे। ऋषिराज के जमीन पर गिरने के बाद तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची व मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम किया जायेगा।
हत्या की खबर से फैली सनसनी
युवक की हत्या की खबर सुनते ही पूरे कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। सैकड़ों की संख्या में कस्बेवासी सहित ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व पुलिस थाने के सामने एकत्रित हो गए। तनाव का माहोल व भीड़ को बढ़ता देख भवानीमंडी, रायपुर, सुनेल सहित अन्य थानों का पुलिस जाब्ता मौके पर बुलाया गया है।
Updated on:
6 Aug 2019, 11:21 AM IST
Published on:
6 Aug 2019, 11:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.