
प्रतीकात्मक तस्वीर
झालावाड़। भवानीमंडी नगर निवासी एक व्यक्ति ने बैंक से निकाली गई राशि के नोट के बंडल में रुपए कम होने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में शिकायत दी है। गुराड़ी निवासी सतीश शर्मा ने बताया कि उसने बुधवार को बैंक ऑफ बड़ौदा की भवानीमंडी शाखा से कैशियर को चेक देकर ऋण के 5 लाख 80 हजार रुपए निकाले थे।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि कैशियर उमेश मीणा ने उनके कहने के बावजूद पैसे दोबारा गिनकर नहीं दिए और कहा कि नोट पहले से गिनकर रखे हुए हैं। जिसकी वजह से वह रुपए लेकर घर चला गया। उसने जब घर जाकर पैसे गिने तो 500 रुपए के एक बंडल में 21 नोट कम निकले। जिससे बैंक से निकलवाई गई राशि में कुल 10 हजार 500 रुपए कम निकले।
बैंक में जाकर उसने रुपए कम निकलने का आरोप लगाया, तो बैंक प्रबंधन ने पूरे रुपए गिनकर देने की बात कही। इस पर उसने गुरुवार को भवानीमंडी थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने कहा है की सीसीटीवी की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं बैंक प्रबंधक ने कहा कि दूसरे दिन पैसा कम होने का आरोप लगाना गलत है।
राशि गिनकर ही दी गई थी और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में रुपए गिनकर लेकर गया है। यदि 500 के नोट के बंडल में रुपए कम थे तो केश काउंटर पर बोलना चाहिए था। दूसरे दिन बैंक आकर रुपए कम निकलने का आरोप गलत है। -आशुतोष जायसवाल, मैनेजर, बैंक ऑफ बड़ौदा, भवानीमंडी।
बैंक से निकाले गए 500 रुपए के नोट के बंडल में नोट कम निकलने की शिकायत मिली है। बैंक के सीसीटीवी कैमरे की पड़ताल करने एवं जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -अकेराम, एएसआई, पुलिस थाना भवानीमंडी।
Updated on:
05 Mar 2026 08:42 pm
Published on:
05 Mar 2026 08:42 pm
