
फोटो: AI
Jhalawar News: झालावाड़ के खानपुर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पर्यावरण व ग्राम विकास समिति ने एक अनोखी प्रतियोगिता की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने के साथ-साथ लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के नुकसान के प्रति जागरूक करना है। समिति ने लोगों से अपील की है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक की थैलियों को प्लास्टिक की बोतलों में भरकर जमा कराएं और प्रतियोगिता में भाग लें।
समिति अध्यक्ष बिरधीलाल मेहरा ने बताया कि खानपुर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। ऐसे में इसे इकट्ठा कर सुरक्षित तरीके से निस्तारण करना जरूरी है। इसी सोच के साथ समिति ने यह अनूठी पहल शुरू की है, ताकि लोग स्वेच्छा से प्लास्टिक एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाएं।
समिति सचिव ओम गुर्जर ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को एक लीटर की प्लास्टिक की बोतल में सिंगल यूज प्लास्टिक की थैलियों को पूरी तरह ठूंस-ठूंस कर भरना होगा। इसके बाद भरी हुई बोतलें समिति को जमा करानी होंगी। यह प्रतियोगिता 1 अप्रैल से 31 मई तक आयोजित की जाएगी।
प्रतिभागियों को अपनी भरी हुई बोतलें 31 मई को दोपहर 2 बजे तक ब्रम्हाणी माता मंदिर परिसर में जमा करानी होंगी। इसके बाद बोतलों की गिनती कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में सबसे अधिक बोतलें जमा करने वाले प्रतिभागी को प्रथम पुरस्कार के रूप में 3100 रुपए नकद दिए जाएंगे। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2100 रुपए और तृतीय स्थान पाने वाले को 1100 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा 20 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
समिति के अनुसार प्रतियोगिता के विजेताओं को 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल से लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और क्षेत्र को स्वच्छ रखने में भी मदद मिलेगी।
समिति की बैठक में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आगे की कार्ययोजना भी तैयार की गई। बैठक में उपाध्यक्ष छोटूलाल सुमन, नंद किशोर कुमावत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है।
Updated on:
02 Apr 2026 12:11 pm
Published on:
02 Apr 2026 12:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
