बकरियां चराने गए बुजुर्ग का क्षत विक्षत शव मिला
झालरापाटन. झालावाड़ जिले के झालरापाटन सदर थाना क्षेत्र के कलमंडी खुर्द गांव में अज्ञात जने एक बुजुर्ग के हाथ पैर बांधकर उसकी हत्या कर शव जंगल में फेंक गए। रविवार को क्षत विक्षत हालत में बुजुर्ग का शव मिला।
सदर थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि कलमंडी खुर्द निवासी नंद सिंह (60) शनिवार सुबह बकरियां चराने जंगल में गया था, लेकिन देर शाम तक वापस घर नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रविवार सुबह नंद सिंह का शव गांव के पास जंगल में पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे और उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। शव के हालात को देखते हुए प्रथम दृष्टया में हत्या का मामला है। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा, उप निरीक्षक बृजमोहन मीणा भी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और कोटा से डाग स्क्वायड को भी बुलाया गया। रविवार दोपहर 1 बजे डाग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद गहनता से जांच की गई। मौका मुआयना और जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद मृतक के शव को राजकीय जिला चिकित्सालय झालावाड़ की मोर्चरी में लाकर रखा। पुलिस ने दोपहर 2:30 बजे अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पुत्र जुझार सिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात जनों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बकरियां खुद पहुंची घर
नंद सिंह के पास 30 बकरियों का रेवड़ था। वह रोजाना की तरह शनिवार को भी सुबह 7 बजे उन्हें चराने के लिए लेकर गया था। बकरियां शाम को अपने तय समय पर रोजाना की तरह 5 बजे घर लौट आई, लेकिन नंद सिंह नहीं लौटे। शाम 7 बजे तक भी जब वह घर नहीं आए तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। नंद सिंह के पोते अजय ने बताया कि बेड़े में से दो बकरियां भी गायब है।