20 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

झालावाड़ में नकली नोटों के रैकेट का भंडाफोड़, पुलिस ने बाइक सवार 3 तस्करों को दबोचा, जेब से निकले 500-500 के जाली नोट

राजस्थान के झालावाड़ में मनोहरथाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार तीन तस्करों को पकड़कर 500-500 के 103 जाली नोट (51,500 रुपए) बरामद किए। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर चल रहे अभियान में बाइक भी जब्त की है।

2 min read
Google source verification
Fake Currency Racket Busted in Jhalawar

तीन आरोपी गिरफ्तार (फोटो- पत्रिका)

मनोहरथाना (झालावाड़): राजस्थान के झालावाड़ जिले में पुलिस ने जाली नोटों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मनोहरथाना थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 500-500 रुपए के 103 जाली नोट बरामद किए हैं।

झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर जाली नोटों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थानाधिकारी महेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में टीम दांगीपुरा जोड़ पर नाकाबंदी कर रही थी।
तभी अकलेरा रोड की तरफ से एक बाइक पर तीन युवक आते दिखे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने बाइक घुमाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जाप्ते ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।

तलाशी में मिले 51,500 रुपए के नकली नोट

जब पुलिस ने संदिग्धों की तलाशी ली, तो उनके पास से भारतीय मुद्रा के 500-500 रुपए के कुल 103 नोट बरामद हुए। ये नोट पहली नजर में असली जैसे दिखते थे, लेकिन बारीकी से जांच करने पर इनके फर्जी होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने न सिर्फ जाली नोट जप्त किए, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।

पकड़े गए आरोपियों की कुंडली

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी झालावाड़ जिले के ही रहने वाले हैं। कमल सिंह (30): निवासी ताजपुरिया, थाना दांगीपुरा, रामचरण उर्फ कालू (35) निवासी ताजपुरिया, थाना दांगीपुरा और देव सिंह (30) निवासी खानपुरिया, थाना मनोहरथाना।

इनकी रही विशेष भूमिका

इस सफल कार्रवाई में कांस्टेबल तेंजाराम की विशेष भूमिका रही। टीम में थानाधिकारी महेंद्र कुमार यादव के साथ कांस्टेबल रोहित कुमार, सोनाराम, कार्तिक और पंकज शामिल रहे। फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन जाली नोटों का सोर्स क्या है और इनके तार किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह से तो नहीं जुड़े हैं।