
झालावाड़। डग में गत 24 अप्रेल को हुए शम्भू सिंह हत्याकांड और मुख्य आरोपी को लेकर लगातार अफवाहों का दौर चलने और अप्रिय स्थिति को रोकने के उद्देश्य से प्रशासन ने शनिवार रात से रविवार रात तक तीन उपखण्डों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी। उन्हेंल इलाके में शनिवार रात को एक लग्जरी कार जली हुई हालत में मिली। वारदात के चौथे दिन भी मुख्य आरोपी सोहेल खान का कोई सुराग नहीं लगा।
जानकारी के अनुसार हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोहेल खान को लेकर शनिवार को डग और चौमहला इलाके में सोशल मीडिया पर दिनभर मैसेज चलते रहे। इसमें सोहेल के इधर-उधर भागने और ग्रामीणों के उसके पीछा करने का संदेश वायरल होता रहा। उन्हेंल थाना क्षेत्र के रामपुरा सरवर गांव के जंगल में एक एसयूवी जली हुई हालत में मिली। इसकी सूचना मिलते ही वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे हो गए। जली गाड़ी की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने बताया कि यह गाड़ी सोहेल की नहीं है। इस गाड़ी के मालिक के बारे में पता किया जा रहा है। क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचनाएं वायरल हो रही है। इससे क्षेत्र का माहौल फिर से खराब नहीं हो, इसलिए कोटा संभागीय आयुक्त ने आदेश जारी कर शनिवार रात 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक गंगधार, भवानीमंडी और पिड़ावा उपखण्ड क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद करवा दी।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद से पुलिस की पांच टीमें सोहेल की गिरफ्तारी के लिए लगा रखी है। जहां भी उसके छिपे होने की आशंका है, वहां दबिश दी जा रही है। मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों की पुलिस से भी मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन सोहेल की सम्पत्तियों के बारे में जानकारी एकत्र रहा है। सारी जानकारी एकत्र होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
हत्या का मुख्य आरोपी सोहेल खान क्षेत्र में मादक पदार्थ का तस्कर बताया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि तीन साल पहले तक उसके पास कुछ भी नहीं था, लेकिन पिछले तीन साल में मादक पदार्थ की तस्करी करके वह अमीर बन गया। उसके पास कई लग्जरी कार और महंगी मोटरसाइकिलें है। वह पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर एक्टिव है। उसने महंगी गाडिय़ों और हथियार लेकर वीडियो और रील्स सोशल मीडिया पर डाल रखे है।
शंभू सिंह की हत्या के बाद मचे बवाल के बाद डग कस्बे में अब शांति है। रविवार को कस्बे के सभी बाजार और अधिकांश दुकानें खुल गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल कस्बे में तैनात है। पुलिस अधीक्षक भी डग में कैम्प कर रही है। पुलिस के जवानों ने कस्बे में रूट मार्च किया। पुलिस बल ने रविवार को चौमहला कस्बे में भी रुट मार्च किया।
Updated on:
27 Apr 2025, 6:06 PM IST
Published on:
27 Apr 2025, 6:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.