झालावाड़, जयपुर. राजस्थान में मौसम मंगलवार को मंगल करेगा। यानी प्रदेश के कई जिलों में धूमधड़ाके से मानसून के प्रवेश के आसार है। मौसम विभाग के अनुसार जहां मानसून प्रवेश करेगा, वहां जमकर बरसेगा, इसके बाद आगे की तरफ रूख करेगा। हाड़ौती में मंगलवार सुबह हल्की फुहारों ने भिगोया। हाड़ौती अंचल में अलसुबह से काले बादल छाए हुए और काफी तेज वेग से हवा चल रही है। इससे मानसून के आगाज का संकेत माना जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभाग में मध्यम बारिश का आसार है। 29 और 30 जून को राजस्थान के चेरापूंजी झालावाड़, बारां, कोटा, चितौडगढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बीकानेर और जोधपुर संभाग में 29 जून को बारिश के आसार है।