
अस्पताल की फोटो: पत्रिका
Son Attack On Father: झालावाड़ जिले के चौमहला क्षेत्र में एक हत्या के प्रयास का मामला सामने आया। यहां उन्हेल नागेश्वर थाना क्षेत्र के बेड़ला गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता पर तलवार से हमला करके हत्या करने की कोशिश की। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि इस हमले में पिता का हाथ कट गया। घायल को उपचार के लिए पहले चौमहला अस्पताल भर्ती कराया जिसके बाद उसे जिला चिकित्सालय झालावाड़ रेफर कर दिया। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार बेड़ला गांव निवासी शंकर सिंह पुत्र करण सिंह (52) पर उनके बेटे गोविंद सिंह ने ही तलवार से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान तलवार का वार सीधे हाथ पर लगा जिससे उनका हाथ बुरी तरह कट गया। घटना के बाद परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल शंकर सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौमहला ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला चिकित्सालय झालावाड़ रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है। हमले में उनका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया और काफी खून बहने से हालत बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही उन्हेल नागेश्वर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल के परिजनों से जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार आरोपी गोविंद सिंह घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
मामले में घायल के छोटे बेटे दिलीप सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि 'उसका भाई गोविंद सिंह नशे में था। इसी दौरान उसने पिता शंकर सिंह पर तलवार से हमला कर दिया।' परिजनों का कहना है कि घटना के पीछे किसी प्रकार का पारिवारिक विवाद नहीं था। उसके हत्या के प्रयास करने का वास्तविक कारण अभी पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लेंगे।
Updated on:
18 Jun 2026 01:22 pm
Published on:
18 Jun 2026 01:06 pm
बड़ी खबरें
View Allझालावाड़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
