
समर्थन मूल्य खरीद केन्द्र पर विवाद से दो घंटे तौल रहा बंद,समर्थन मूल्य खरीद केन्द्र पर विवाद से दो घंटे तौल रहा बंद
झालरापाटन. हरिश्चन्द्र कृषि उपज मंडी परिसर स्थित क्रय-विक्रय सहकारी समिति के समर्थन मूल्य खरीद केन्द्र पर चने की खरीद में ठेकेदार के मनमानी करने का विरोध पर दो घंटे तक तौल बंद रहा। इससे किसान परेशान होते रहे।
भारतीय किसान संघ के तहसील मंडी प्रमुख हरि राठौर शिकायत पर खरीद केन्द्र पहुंचे और हालात की जानकारी ली। राठौर ने बताया कि ठेकेदार द्वारा पिछले वर्ष उत्पादित चने को भी खरीदा जा रहा है और इस वर्ष पैदावार करने वालेे किसान को चने की गुणवत्ता कमजोर बताकर परेशान करते हुए जबरन ग्रेडिंग कराकर अनावश्यक आर्थिक नुकसान किया जा रहा है।
उन्होंने समिति व्यवस्थापक रमेशचन्द शर्मा से शिकायत की, तब उन्होंने कहा कि वह इसकी कृषि पर्यवेक्षक से जांच करा लेंगे। इसपर राठौर ने कहा कि सरकारी बारदान मेें पुराना चना भरा है। इससे स्पष्ट होता है कि इस खरीद में मिलीभगत की जा रही है। इस पर व्यवस्थापक ने कहा कि खरीद केन्द्र पर समिति का जिम्मेदार प्रभारी मौजूद है और इस प्रकार की कोई अनियमितता नहीं की जाती है। इस प्रक्रिया के दौरान 2 घंटे तक तुलाई का कार्य बंद रहा।
खरीद केन्द्र प्रभारी दयाशंकर शर्मा ने बताया कि केन्द्र पर चने की खरीद निर्धारित मापदंड व पटवारी की ओर सेे जारी कूपन के अनुरूप की जा रही है। इसलिए इसमें कोई अनियमितता नहीं हो रही है।
खरीद केन्द्र पर आने वाले चने में निर्धारित मापदंड का ध्यान रखा जाता है। चने के साथ मोटी मिट्टी व डंकल आने पर इनकी ग्रेडिंग कराई जाती है। चना साफ होने पर तत्काल तौल किया जा रहा है। उन्हें भी यह जिंस वेयर हाउस में जमा करानी होती है। इसलिए गुणवत्तापूर्ण जिंस की ही खरीद की जा रही है। खरीद में किसी तरह की अनियमितता नहीं की जा रही है। अब तक केन्द्र पर 700 कट्टों की खरीद की जा चुकी है।
रामकुमार चौधरी, प्रबंधक, लक्ष्मी सीड्स
जिंस नहीं बिकने से किसान परेशान
सारोलाकलां. गौण मंडी में धनिया, सरसों व चने की खरीद-फरोख्त शुरू नहीं होने से किसान परेशान हंै। किसानों ने कलक्टर से खरीद शुरू कराने की मांग की। यहां मंडी में सिर्फ गेहूं की खरीद-फरोख्त हो रही है।
चण्डालिया निवासी किसान बाबूलाल सुमन और जोधराज ने बताया कि वह मंगलवार को मंडी में सरसों बेचने के लिए लाया था, लेकिन मंडी में तिलहन को कोई नहीं खरीद रहा है, जबकि 26 अप्रेल को आखातीज है, सेठ साहूकारों व जमीन जोत के रुपए देने हैं। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें सिर्फ गेहूं खरीदने की अनुमति है। खानपुर मंडी प्रभारी महेश गुप्ता का कहना है कि मंडी सचिव से चर्चा व एसडीएम से अनुमति ले कर दो चार दिन में तिलहन की खरीद-फरोख्त शुरू कराएंगे। वहीं सरकारी खरीद केन्द्र पर कलकत्ता से आया बारादाना बिना सेनेटाइज किए गेहूं तौल किए जा रहे हैं। यहां कलकता से 5000 बारदाना आया है। केन्द्र प्रभारी शिवप्रसाद सुमन, मोहनलाल मेघवाल व संवेदक नियामत अली ने बताया कि सेनेटाइज के लिए खानपुर मंडी प्रभारी व ग्राम विकास अधिकारी सारोला को भी अवगत कराया है।
मंडी पास करें जारी
भीमसागर/सारोला. गाडऱवाड़ा नूरजी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर राजस्व विभाग के द्वारा किसानों को राहत प्रदान करने के लिए कृषि उपज मंडी में अनाज बेचने के लिए पास जारी करने का कार्य चल रहा है। सर्किल कानूलगो रामकिशन मीणा ने बताया कि किसानों को समर्थन मूल्य समेत मंडी पास जारी किए जा रहे है। इस दौरान पटवारी प्रमोद मीणा, रामचन्द्र मीणा, पूर्व सरपंच संघ अध्यक्ष राजेंद्र मीणा समेत अन्य मौजूद रहे।
Updated on:
22 Apr 2020, 3:52 PM IST
Published on:
22 Apr 2020, 3:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.