
कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला, 25 जून तक चलेगा अभियान
झांसी। वर्ष-2019 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसके तहत अभियान चला कर केंद्र सरकार की असफल नीतियों को जनता तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी में यह काम 25 जून तक किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की असलियत को जनता अब जान चुकी है। इसलिए आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता उन्हें सबक सिखाएगी।
बैठक में लिया गया निर्णय
कांग्रेस कमेटी की बैठक में भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार की चार साल की असफल नीतियों का 25 जून तक प्रचार-प्रसार करने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राहुल रिछारिया मौजूद रहे। बैठक में मुख्य अतिथि राहुल रिछारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकास के नाम पर जनता को ठगा है। नोटबंदी और जीएसटी के नाम पर जनता को गुमराह किया गया है। इसका देश को कोई लाभ नहीं मिला, उल्टे जनता को परेशानी जरूर झेलनी पड़ी। इससे जनता ने अब भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को सबक सिखाने का मन बना लिया है। इसका नतीजा अगले चुनाव में देखने को मिल जाएगा।
त्रस्त हो चुकी है जनता
इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री जनता पर मनमानी नीतियां थोप रहे हैं। इससे जनता बुरी तरह त्रस्त हो चुकी है। इसलिए आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता उन्हें सबक सिखाने का काम करेगी।
ये लोग रहे उपस्थित
इस बैठक में प्रकाश जैन, ओ पी राय, हरवंश लाल, बृजेश तिवारी, गौरी शंकर बिलगैयां, शिवकुमार, राकेश यादव, जगदीश पाठक, दारा जैन, अवनीत गुप्ता, इरफान अली, तुलसी राम, राजेंद्र यादव और रवि समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। बैठक का संचालन सुशील जैन ने किया। बाद में सभी कांग्रेसियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Published on:
17 Jun 2018 10:15 pm
बड़ी खबरें
View Allझांसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
