
Lok Sabha Elections 2024: गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को झांसी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान पर बड़ा बयान दे डाला है। उन्होंने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) भारत का है, रहेगा और हम उसे लेकर रहेंगे। कांग्रेस के नेता मणिशंकर अय्यर ने कहना है कि पाकिस्तान को सम्मान दो। उनके पास एटम बम है। उनसे पीओके मत मांगो। मैं कहना चाहता हूं कि ये नरेंद्र मोदी की सरकार है। हम एटम बम से नहीं डरते।
उन्होंने कहा, "चुनाव के चार चरण समाप्त हो चुके हैं। 4 चरण में मोदी जी 270 सीटें लेकर ट्रिपल सेंचुरी की ओर आगे बढ़ गए हैं। राहुल बाबा के इंडी अलायंस का सूपड़ा साफ हो गया है। अब ये निश्चित हो गया कि मोदी जी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।"
अमित शाह ने कहा, "इस चुनाव में एक तरफ 12 लाख करोड़ का घपला करने वाली राहुल बाबा एंड कंपनी है। दूसरी ओर 10 साल काम करने वाले पीएम हैं। एक ओर चांदी के चम्मच लेकर पैदा होने वाले राहुल बाबा और अखिलेश हैं, दूसरी ओर चाय बेचने वाले हमारे पीएम मोदी हैं। एक ओर गोली चलाने वाली समाजवादी पार्टी है, दूसरी ओर राम मंदिर बनाने वाली भारतीय जनता पार्टी है।"
अमित शाह ने कहा कि यह देश के विकास का चुनाव है। यह चुनाव देश को सुरक्षित करने का है। ये चुनाव हमारे धर्म और संस्कृति की रक्षा का चुनाव है। ये चुनाव भारत को महान बनाने का चुनाव है। ये चुनाव देश के गरीबों का कल्याण करने का चुनाव है। ये चुनाव बुंदेलखंड की प्यास बुझाने का चुनाव है। एक जमाने में बुंदेलखंड से बाहुबली पूरे देश में जाते थे। आप तीसरी बार नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बना दीजिए, हमारा बुंदेलखंड यहां से बाहुबली की जगह उद्योगपति पूरे देश में भेजने का काम करेगा।
शाह ने आगे कहा, "मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद, योगी जी मुख्यमंत्री बने और उत्तर प्रदेश के विकास की शुरुआत हुई। एक जमाना था जब यूपी में देशी कट्टे बनते थे। लेकिन मोदी जी ने बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर बनाया, अब यहां तोप के गोले बनते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अगर कोई भी गलती की, तो ये बुंदेलखंडी गोला पाकिस्तान पर गिरेगा और उसका सफाया कर देगा।
गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश को तोड़ना चाहती है। उनके नेता कहते हैं कि दक्षिण भारत और उत्तर भारत, देश के 2 हिस्से कर दीजिए। मैं बताना चाहता हूं कि मोदी जी फिर से आने वाले हैं और मोदी जी के रहते कोई भी भारत को तोड़ नहीं सकता।
Updated on:
18 May 2024 07:28 pm
Published on:
18 May 2024 07:23 pm
बड़ी खबरें
View Allझांसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
