
आरएसी जवान की पत्नी के थे रिश्ते में देवर से अवैध संबंध, इसलिए दोनों मिलकर कर दी हत्या
झुंझुनूं. बुहाना क्षेत्र के ढाणी निहालोठ गांव के आरएसी जवान कुलदीप सिंह की हत्या उसकी पत्नी कविता व चचेरे भाई कविन ने मिलकर अवैध संबंध के कारण की थी। पुलिस ने शनिवार को हत्या का राजफाश कर दिया है। पुलिस मामले में अन्य गिरफ्तारी होने से भी इंकार नहीं कर रही है। पचेरी कलां पुलिस ने शुक्रवार देर रात करीब एक बजे दोनों आरोपित कविता व जवान के चचेरे भाई कविन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी गौरव यादव ने बताया कि ढाणी निहालोठ गांव के मृतक कुलदीप सिंह की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उसकी पत्नी कविता देवी एवं चचेरे भाई कविन उर्फ सचिन को गिरफ्तार किया है। कविता देवी एवं कविन के बीच पिछले सात माह से प्रेम सम्बंध चल रहे थे। कविता एवं कविन के प्रेम सम्बंध के बारे में आरएसी के जवान कुलदीप सिंह को पता था। आरोपित युवक-युवती ने साजिश रचकर शुक्रवार दोपहर को गहरी नींद में सोए हुए कुलदीप सिंह की गर्दन पर दो बार कुल्हाड़ी से वार करके हत्या कर दी। कुलदीप सिंह की हत्या उसके चचेरे भाई कविन ने कुल्हाड़ी से दो बार वार करके की। हत्या के समय कविता मौके पर मौजूद थी। हत्या करने के बाद कविन खून से सनी कुल्हाड़ी को साफ करके अपने घर ले जाकर रख दिया। मृतक की पत्नी घटना से अनजान बनकर घर के साथ लगते खेत में काम करने लग गई। आरोपितों ने घटना में लूट जैसा वाकया पैदा करने के लिए घरेलू सामान को इधर-उधर बिखेर दिया ताकि पुलिस को जांच के दौरान गुमराह किया जा सके। कुलदीप सिंह की हत्या इसलिए की गई क्योकि वह दोनों के प्रेम सम्बंध में रोड़ा बनता जा रहा था। दोनों साथ रह सके इसलिए कुलदीप ङ्क्षसह की हत्या की गई।
ऐसे आए पुलिस पकड़ में
सरल स्वभाव एवं बेहद मिलनसार कुलदीप सिंह की निर्दयता से हत्या की सूचना लगने पर सबसे पहले थाना प्रभारी भरतलाल मीणा जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर जाने के बाद प्रथम दृष्टयता मामला अंदरूनी लगने के बाद पुलिस के आला अधिकारियों को सूचित किया गया। आला अधिकारियों ने क्राइम सीन की गहनता से जांच करते हुए पता लगाना शुरू किया तो एक बात सामने आई, जिसने राजफाश कर दिया। पुलिस को जानकारी लगी कि करीब दो माह पूर्व कविन एवं कविता के बीच प्रेम सम्बंध के चलते दोनों के परिजनों में विवाद हुआ था। विवाद के बारे में कुलदीप सिंह को पूरी जानकारी लग गई थी। वह अपनी पत्नी पर निगाह रखता था। शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कुलदीप एवं कविता खेत में काम करने के बाद घर लौटे। कुलदीप सिंह खाना खाने के बाद चारपाई पर सो गया। कुलदीप सिंह को नींद आने के बाद उसकी पत्नी कविता ने अपने प्रेमी कविन को फोन करके घर पर बुलाया। दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब भी कविता से कुछ पूछने का प्रयास किया तो वह बेहोश होने का नाटक करने लगी। पुलिस का संदेह गहराता गया। शुक्रवार रात दस बजे सख्ती से पूछने पर वह टूट गई और हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों को पहले हिरासत में बाद में पुख्ता होने पर शनिवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया।
डॉग स्कवायड की रही अहम भूमिका
आरोपितों को पकड़वाने में डॉग स्क्वायड की भूमिका अहम रही। कुलदीप के बाद उसकी पत्नी कविता महिलाओं में जाकर बैठ गई। इस दौरान खोजी डॉग सुंघते-सुघंते महिलाओं के बीच कविता की साड़ी का पल्लू पकड़ लिया। इसके बाद डॉग पड़ौस में जवान के चचेरे भाई के घर पहुंचा और वहां पर कमरे में रखी उसकी पेंट को उठा लाया।
कविन पर रखी गई पैनी निगाह
वारदात के बाद पुलिस को संदेह होने पर उसने सादा वर्दी में आरोपित कविन के आस-पास पुलिस तैनात कर दी थी। उसने घर से कई बार बाहर निकल कर पुलिस को गच्चा देने का प्रयास किया। लेकिन कामयाब नहीं हो पाया। हैड कांस्टेबल भीम सिंह के नेतृत्व में एक दल उसके पीछे लगा रहा। उसे रात करीब 11 बजे हिरासत में लेकर दोनों से अलग-अलग पूछताछ की गई। जिसके बाद मामला खुल गया। पुलिस के खोजी डॉग को चकमा देने के लिए आरोपितों ने फिल्मी स्टाइल से एक स्थान पर कई चक्कर लगाए।
प्र्रेमिका को दिया था मोबाइल उपहार
कविन वर्तमान में पचेरी कलां गांव के एक निजी कॉलेज में बीए प्रथम का छात्र है। कविता एवं कविन का घर पास-पास है। कुलदीप सिंह का आरएसी में होने के कारण कविता का पिछली जनवरी से कविन के साथ इश्क परवान चढ़ रहा था। कविन ने अपनी प्रेमिका कविता को एक मोबाइल भी खरीद कर दिया था। कविता के पास मोबाइल फोन है। इसकी उसके परिजनों तक को जानकारी नहीं थी। कविता की गिरफ्तारी के बाद उनके परिजनों को पता लगा है कि कविता मोबाइल का इस्तेमाल करती थी। कविता ने कुलदीप सिंह की हत्या करने के लिए अपने प्रेमी कविन को इस फोन से बात करके बुलाया था।
पुलिस सम्मान के साथ अंत्येष्टि
आरएसी के जवान कुलदीप सिंह का शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बुहाना में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों के हवाले किया गया। शनिवार दोपहर में कुलदीप सिंह का पुलिस सलामी के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीण बेहद गमगीन दिखाई पड़े। कुलदीप की दो साल पूर्व ही कविता के साथ शादी हुई थी।
टीम में यह रहे शामिल :
पचेरीकलां थाना प्रभारी भरतलाल मीणा, खेतड़ी डीएसपी मोहम्मद अयूब, बुहाना सीआइ देवेन्द्र प्रताप सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
Published on:
22 Sept 2019 01:17 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
