
सुनीता जलन्द्रा: फोटो पत्रिका नेटवर्क
झुंझुनूं। खेतड़ी नगर पालिका की पूर्व उपाध्यक्ष सुनीता जलन्द्रा (35) की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में मृतका के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एवं मेहाड़ा थानाधिकारी राममनोहर के अनुसार नवलगढ़ निवासी अर्पित कुमावत ने रिपोर्ट दी कि उसकी बहन सुनीता की शादी 13 नवंबर 2013 को खेतड़ी निवासी गजेंद्र पुत्र सोहनलाल के साथ हुई थी। विवाह में परिवार ने करीब 40 लाख रुपए खर्च किए थे और 25 तोला सोना सहित नकदी व घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष असंतुष्ट रहा और लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करता रहा।
रिपोर्ट में आरोप है कि ससुराल पक्ष एसयूवी कार और 11 लाख रुपए की मांग करता रहा। पुत्र जन्म के समय भी पीहर पक्ष ने 2.51 लाख रुपए नकद, 10 तोला सोना व 500 ग्राम चांदी दी, लेकिन इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रही। वर्ष 2021 में पार्षद चुनाव के दौरान तीन लाख रुपए की मांग का दबाव भी बनाया गया। परिजनों के अनुसार घटना से दो-तीन दिन पहले सुनीता ने अपने पिता को फोन कर ससुराल से ले जाने की गुहार लगाई थी और जान का खतरा बताया था। इससे पहले कि परिजन उसे लेने पहुंचते, उसकी मौत की सूचना मिल गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पति गजेंद्र जयपुर की एक युवती से वीडियो कॉल पर बात करता था और वह युवती भी सुनीता को जान से मारने की धमकी देती थी। 13 फरवरी 2026 को एक पारिवारिक समारोह में भी विवाद हुआ, जिसके बाद सुनीता ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया था, हालांकि समझाइश के बाद उसे वापस भेज दिया गया।
परिवार का आरोप है कि शव पर हाथों और बगल में चोट के निशान मिले हैं, जिससे मारपीट के बाद हत्या कर फांसी पर लटकाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पति गजेंद्र, ससुर सोहनलाल, सास सजना देवी, ननद सुनीता और जेठ पवन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
18 Mar 2026 07:58 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
