
आरोपियों से जब्त लेपटॉप, मोबाइल फोन व अन्य उपकरण।
नवलगढ़ उपखंड के कोलसिया गांव में नवलगढ़ पुलिस व जिला साइबर सेल झुंझुनूं की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। टीम ने दबिश देकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मौके से 1 लाख 2 हजार रुपए नकद सहित सट्टे में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए गए। आरोपी आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालन के आरोप में रविंद्र कुमार पुत्र बजरंगलाल निवासी ढाका का बास, रामचंद्र पुत्र कानाराम निवासी जेठवा का बास, फतेहपुर और अशोक कुमार पुत्र रघुवीर निवासी कोलसिया को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा उनके अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
वहीं, आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 19 एंड्रॉयड मोबाइल, 26 सिम कार्ड, 34 एटीएम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 8 चेकबुक व 1 डोंगल जब्त किया।
प्रारंभिक जांच में इन बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपए के लेनदेन के संकेत मिले हैं। साथ ही बरामद 3 डायरियों में भी विस्तृत हिसाब-किताब दर्ज मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
झुंझुनूं पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले लोगों के बैंक खाते किराए पर लेकर उनकी पासबुक, एटीएम कार्ड व चेकबुक अपने पास रख लेते थे।
इसके बाद विदेशी सट्टा साइट्स व पैनल खरीदकर मोबाइल फोन के जरिए व्हाट्सएप व टेलीग्राम ग्रुप बनाते और देशभर में ग्राहकों को जोड़ते थे।
ग्राहकों को ऑनलाइन आईडी उपलब्ध कराकर क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवाया जाता था। जीत-हार के बाद राशि को बिटकॉइन व यूएसडीटी में बदलकर किराए के खातों के माध्यम से निकासी की जाती थी।
कार्रवाई वृत्ताधिकारी महावीर सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में नवलगढ़ थाने से एसआइ सीताराम, कांस्टेबल पूनम, नरेंद्र, जोगाराम, विकास, विजेंद्र तथा जिला साइबर सेल से एचसी राजवीर सिंह, कांस्टेबल अरविंद व मनीष की टीम ने की। थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा कर अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Published on:
20 Apr 2026 11:46 am
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
