
झुंझुनूं. जिला मुख्यालय पर हल्की बरसात से भीगी सड़क। फोटो पत्रिका
Jhunjhunu Weather Update : झुंझुनूं जिले में बुधवार को अचानक मौसम ने करवट बदल ली। दिन की शुरुआत जहां साफ और सुहावने मौसम के साथ हुई, वहीं दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और वातावरण में बदलाव महसूस होने लगा। करीब साढ़े तीन बजे के आसपास तेज गर्जना शुरू हुई, जिसके बाद तेज हवाओं के साथ जिले के कई हिस्सों में हल्की बरसात का दौर चला।
जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब आधे घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इस दौरान कई इलाकों में बादलों की गड़गड़ाहट से लोग सहम गए। हालांकि बारिश अधिक देर तक नहीं चली और कुछ समय बाद मौसम फिर से शांत हो गया। मंडावा क्षेत्र समेत जिले के अन्य स्थानों पर भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। शाम करीब पांच बजे के आसपास कुछ क्षेत्रों में फिर से हल्की बूंदाबांदी का दौर देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है। इसके प्रभाव से जिले में अचानक बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की स्थिति बनी। बारिश के बाद तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। जिससे मौसम में हल्की सर्दी का एहसास हुआ। देर रात तक जिले में हवाएं चलती रहीं और आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रही।
मौसम विभाग ने आगामी गुरुवार और शुक्रवार के लिए जिले में तेज गर्जना के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम के इस अचानक बदलाव ने खेतों में लावणी का कार्य कर रहे किसानों की चिंता बढ़ा दी है। यदि आगामी दिनों में बारिश और ओलावृष्टि होती है, तो इससे फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। किसान फिलहाल मौसम के अगले रुख पर नजर बनाए हुए हैं।
मौसम केन्द्र की ओर से किसानों को सलाह दी है कि वे खुले आसमान में पक कर तैयार कटी फसलों को ढक कर सुरक्षित रखे। कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।
Published on:
18 Mar 2026 06:45 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
