
विदेश जाने के लिए पैसों की लालच ने एक युवक को हैवान बना दिया। गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के गांव गुड़ा में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सीता अग्रवाल की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने गांव गुड़ा निवासी प्रितम कुमार उर्फ लालू (26) को गिरफ्तार किया है, जिसने चोरी के इरादे से घर में घुसकर विरोध करने पर बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या कर दी।
रविवार रात करीब 8 बजे गांव में बिजली गुल थी। इसी अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी छत के रास्ते हवेली में घुसा। उस वक्त घर में अकेली रह रही सीता देवी रसोई में सब्जी काट रही थीं। आरोपी का प्लान महिला को कमरे में बंद कर संदूक से रुपये चुराने का था, लेकिन जैसे ही सीढ़ियों में आमना-सामना हुआ, महिला ने विरोध कर दिया।
महिला के शोर मचाने और रोकने पर दोनों में हाथापाई हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने चाकू से सीता देवी का गला रेत दिया। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर एक ओर डाल दिया और करीब आधे घंटे तक हवेली में रखे 13 बक्सों के ताले तोड़ डाले, लेकिन उसे ज्यादा नकदी नहीं मिली।
घटनास्थल पर खून के छींटे, टूटे संदूक और कमरों में बिखरा सामान संघर्ष की गवाही दे रहे थे। संघर्ष के दौरान आरोपी की नाक और हाथ की दो उंगलियों में भी चोट आई। आरोपी ने घर पहुंचकर परिजनों को सड़क पर गिरने की कहानी सुनाई और रात में पौंख सीएचसी जाकर इलाज करवाया।
पुलिस ने एफएसएल, एमओबी, एमआईयू टीम और डॉग स्क्वॉयड की मदद से जांच की। डॉग स्क्वॉयड करीब 200 मीटर तक आरोपी के पदचिन्हों का पीछा करते हुए सीधे उसके घर तक पहुंच गया। वहीं अस्पताल रिकॉर्ड से आरोपी के इलाज की जानकारी मिली। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी पिछले 2-3 साल से विदेश जाने की योजना बना रहा था। दो दिन पहले मृतका उसके घर आई थी और उधार दिए पैसों की बात कर रही थी। इसी बातचीत के बाद आरोपी ने हत्या और चोरी की साजिश रच डाली। सीता देवी के पति का वर्ष 2014 में निधन हो गया था। उनकी कोई संतान नहीं थी और वह हवेली में अकेली रहती थीं। इस जघन्य वारदात से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
Updated on:
28 Jan 2026 08:58 pm
Published on:
28 Jan 2026 08:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
