झुंझुनूं. हमारा जिला पूरे राजस्थान में गंगा जमुनी तहजीब के नाम से जाना जाता है। यहां हर मजहब के लोग एक-दूसरे के धर्म का दिल से सम्मान करते हैं। इसी कड़ी में मुस्लिम परिवार ने गोशाला की चार दीवारी बनवाकर नई इबारत लिखी है।
समाजसेवी डॉ. सलाऊदीन चोपदार की स्मृति में उनके पुत्र डॉ. सत्तार दीवान चोपदार, एम डी चोपदार व सलीम दीवान ने डॉ. सलाऊदीन चोपदार फाउंडेशन के आर्थिक सहयोग से झुंझुनूं के चनाना गांव में जुगलदास गोशाला सेवा समिति की चार दिवारी का निर्माण करवाया है। चारदीवारी का लोकार्पण शनिवार को राजस्थान मदरसा बोर्ड के चेयरमैन एम डी चोपदार ने किया। इस दौरान चोपदार ने कहा कि उनके पिता डॉ. सलाऊदीन चोपदार ने हमेशा गंगा जमुनी तहजीब को झुंझुनूं में जीवनभर जिंदा रखने की हिदायत दी। वे हमेशा मस्जिद-मंदिर हो या कोई भी धार्मिक जगह हो सब को सम्मान दर्जा देते थे। गोशालाओं और पशुओं से उन्हें बेहद लगाव रहता था, उसी परिपाटी को हमारा चोपदार परिवार पूरा करने में लगा हुआ है। उन्हाेंने कहा कि रमजान माह चल रहा है, हम सब इस गोशाला में मौजूद हैं, इससे बड़ा पुण्य का काम नहीं हो सकता है। चोपदार ने कहा कि राज्य सरकार के मुखिया अशोक गहलोत ने गोशालाओं का अनुदान बढ़ाया है। अब बारह माह का अनुदान मिलने लगा है।