जयपुर/ झुंझुनूंराजस्थान के कार्यवाहक राज्यपाल और हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रहे नवरंग लाल टिबरेवाल का सोमवार शाम सात बजे आकस्मिक निधन हो गया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने संवेदना संदेश में कहा कि जस्टिस टिबरेवाल के वकील रहते उनके चैंबर से वकालत का कॅरियर शुरू करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने खुद को एक कुशल वकील, ईमानदार न्यायाधीश और कर्तव्यनिष्ठ राज्यपाल के रूप में प्रतिष्ठित किया। अपने कार्य के माध्यम से उन्होंने पेशेवर नैतिकता और गरिमा का उदाहरण दिया। 87 वर्षीय पूर्व न्यायाधीश टिबरेवाल के चैंबर से अपना वकालत का करियर शुरू करने वालों में राजस्थान हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश आर एस राठौड़ के साथ ही कई प्रतिष्ठित वकील भी शामिल हैं। उन्होंने शिक्षा के प्रोत्साहन के लिए भी उल्लेखनीय कार्य दिया।