
जयपुर। राजस्थान के झुंझुंनूं जिले की ग्राम पंचायत लांबी अहीर की सरपंच नीरू यादव न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र के जनसंख्या और विकास आयोग (सीडीपी) की ओर से आयोजित होने वाले वार्षिक सम्मेलन में पंचायत स्तर पर बालिकाओं और महिलाओं को सशक्त करने के लिए किए गए नवाचारों पर अपने अनुभव साझा करेंगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नीरु यादव सीडीपी की ओर से आयोजित होने वाले वार्षिक सम्मेलन “सीपीडी मीट-2024” में चुने हुए जनप्रतिनिधियों के ‘नेतृत्व अनुभव’ विषय पर अपने विचार आगामी तीन मई को साझा करेंगी। जनसंख्या और विकास आयोग की वार्षिक बैठक 29 अप्रैल से तीन मई तक न्यूयॉर्क में आयोजित की जाएगी। वार्षिक बैठक में सतत विकास के लिए 2030 एजेंडा की समीक्षा करना है।
उल्लेखनीय है कि नीरू यादव अपनी पंचायत में कई नई पहल की है। जिनमें पंचायत की बालिकाओं की हॉकी टीम तैयार करवाकर कोच के माध्यम से नियमित अभ्यास कराना। अपने क्षेत्र में बर्तन बैंक खुलवाकर ग्राम पंचायत को प्लास्टिक से मुक्त कराने कि पहल की साथ ही ग्रामीण महिलाओं से पुराने कपड़ों के थैले बनवाकर महिलाओं को सशक्त बनाया ।
इसी प्रकार पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए विवाह पर कन्यादान के रूप में पौधा देकर नई मुहिम की शुरुआत की। साथ ही मेरा पेड़- मेरा दोस्त मुहीम शुरू की जिसके अन्तर्गत राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को 21 हजार पौधे निःशुल्क वितरित किये गए। इस तरह उन्होंने कई नवाचार किए जिससे पंचायत के साथ नीरू राज्य की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनीं हैं।
Updated on:
27 Apr 2024, 9:48 PM IST
Published on:
27 Apr 2024, 9:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.