
चिटफंड कंपनी प्रिया परिवार के निदेशक तेजपाल नूनियां के खिलाफ प्रदेश में 69 व झुंझुनूं में दर्ज हैं 27 ठगी के मामले
झुंझुनूं. चिटफंड कंपनी प्रिया परिवार के निदेशक व नूनियां गांव के तेजपाल नूनियां की बुधवार को नीमकाथाना कोर्ट में पेशी पर ले जाते वक्त हार्ट अटैक से मौत हो गई। नूनियां के खिलाफ राजस्थान में 69 और झुंझुनूं जिले में 27 ठगी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा हरियाणा के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2002 में झुंझनूं जिले के नूनिया गांव के तेजपाल नूनिया, सुरेन्द्र नूनिया और महेश नूनिया ने प्रिया परिवार के नाम से एक चिटफंड कंपनी शुरू की थी और राजस्थान के जयपुर, झुंझुनूं समेत हरियाणा के हिसार, सिरसा व भिवानी आदि शहरों में प्रिया परिवार के कार्यालय खोले गए और लोगों को लुभावनी योजनाओं के जरिए सदस्य बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता था। कंपनी की सदस्यता लेने पर लोगों से 6 हजार 800 रुपए जमा कराए जाते थे। साथ ही वादा किया जाता था कि तीन साल बाद मेच्योरिटी पर 25,000 रुपए मिलेंगे।
2 लाख 87 हजार सदस्य बनाए
चिटफंड कंपनी प्रिया परिवार के निदेशक तेजपाल नूनियां के खिलाफ 2011 में शिकायतें मिलनी शुरू हुई। इस कंपनी की ओर से देशभर में 2,87,000 सदस्य बनाए थे। अकेले हरियाणा में कंपनी के 12 हजार से ज्यादा सदस्य थे। आयकर विभाग में जमा कंपनी की रिटर्न में सालाना टर्न ओवर 260 करोड़ रुपए बताया गया है। वर्ष 2011 में प्रिया परिवार कंपनी पर धोखाधड़ी के आरोप लगने शुरू हुए और तेजपाल के खिलाफ प्रदेश में 69 व झुंझुनूं में 27 मामले धोखाधड़ी के दर्ज हुए। हरियाणा से सैकड़ों शिकायतें पुलिस थानों में दर्ज हुई। इसके बाद सबसे पहले सीकर पुलिस ने नूनिया भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था।
सभी कार्यालय सील
लगातार मामले दर्ज होने के बाद पुलिस ने झुंझुनूं समेत अन्य स्थानों पर खोले गए कार्यालयों को सील कर दिया गया। झुंझुनूं में कार्यालय रोड नंबर दो पर है जो फिलहाल सील है।
Published on:
30 Oct 2019 05:07 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
