
पत्रिका न्यूज नेटवर्क.
झुंझुनूं/चिड़ावा। Vice President Election 2022: जगदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद चिड़ावा से करीब सत्रह किलोमीटर दूर स्थित किठाना गांव में उत्सव सा माहौल है। धनखड़ का जन्म किठाना गांव में 18 मई 1951 को गोकुलराम धनखड़ के घर हुआ। गांव के चौक में उनकी पुश्तैनी हवेली भी है। धनखड़ की प्रारंभिक शिक्षा भी इसी गांव के सरकारी स्कूल में हुई। एनडीए की ओर से उन्हें उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने की सूचना मिलने के साथ ही गांव में खुशी का माहौल है। हर घर में मिठाई बांटी जा रही है। महिलाएं मंगल गीत गा रही है। चारों तरफ पटाखे छोड़े जा रहे हैं और पैतृक घर में देसी घी के दीपक जलाए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता रहे धनखड़ ने उच्च शिक्षा राजस्थान विश्वविद्यालय से पूरी की। राजस्थान यूनिवर्सिटी से एलएलबी करने के बाद वे वकालत करने लगे। राजस्थान हाईकोर्ट में वर्षों तक वकालत की तथा 1986 में राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे। शेखावाटी से भैरोंसिंह शेखावत भी उप राष्ट्रपति रह चुके हैं।
समाजसेवा से जुड़े रहे धनखड़:
एनडीए के उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार धनखड़ सदैव समाजसेवा से जुड़े रहे। उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों और ट्रस्टों से जुड़कर समाज सेवा की। राजस्थान ओलम्पिक एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके है। जाटों को ओबीसी दर्जा दिलाने के लिए धनखड़ ने काफी प्रयास किए।
टिकट कटने पर बदली पार्टी:
धनखड़ ने राजनीति में लंबी पारी खेली। वर्ष 1989 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने झुंझुनूं से अपना प्रत्याशी उतारने की बजाय गठबंधन के तहत जनता दल प्रत्याशी जगदीप धनखड़ को समर्थन दिया। धनखड़ की प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी विद्यालय में पूर्ण हुई। उन्होंने गांव के चौक के पास स्थित सरकारी स्कूल से पांचवीं तक पढ़ाई की। इसके बाद नजदीकी गांव घरड़ाना से आठवीं पास की। ग्रामीण और बचपन के दोस्त बताते हैं कि घरड़ाना स्कूल तक साधन नहीं होने के कारण वे पैदल ही जाते थे।
दूसरे नंबर के हैं धनखड़:
धनखड़ तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर आते हैं। उनके बड़े भाई कुलदीप धनखड़ कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाते हैं। दूसरे नंबर पर स्वयं जगदीप तथा सबसे छोटे भाई रणदीप धनखड़ हैं जो कि आरटीडीसी चेयरमैन रह चुके हैं।
चिड़ावा में भी जश्न:
जगदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर चिड़ावा में पंचायत समिति के पास जश्न मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस मौके पर रतनवीर धनखड़, महेंद्र धनखड़, जयसिंह धनखड़, दर्शनसिंह जोडिया, सुभाष राव, कमलेश मालानी, विजय पंवार, रजनीश राव, मुकेश जलिंद्रा, संदीप ओला, प्रदीप डारा, राजवीर सांगवान, विनोद थालौर, कुलदीप सर्राफा, प्रवेश चौधरी, पृथ्वीराज शर्मा, महेश मालानी, राजकुमार, पप्पू पूनियां, दिनेश अडूकिया ने खुशी मनाई। वहीं भाजयुमो जिलाध्यक्ष जयसिंह मांठ के नेतृत्व में भी मिठाई बांटी गई। धनखड़ के निवास स्थल पर ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी। इस मौके पर महेंद्र धनखड़, कृष्णा कुमार, यशपाल धनखड़, चंद्रभान, सुमेर धनखड़, विनोद धनखड़, अनूप धनखड़, मनोजसिंह राजपूत, सुरेंद्र कुमार, महीपाल धनखड़, दलीप धनखड़ मौजूद थे।
Updated on:
17 Jul 2022 10:55 am
Published on:
17 Jul 2022 10:47 am
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
