24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वीडियो : पुलिस पर पत्थरबाजी की, बंधक बनाया

डूमोली कलां ग्राम पंचायत की सिहोडिय़ा ढाणी में लीज विवाद मामले में वांछित आरोपी को पकडऩे गई पुलिस पर पत्थरबाजी करने और बंधक बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस पत्थरबाजी के वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने गई थीं।

2 min read
Google source verification
वीडियो : पुलिस पर पत्थरबाजी की, बंधक बनाया

वीडियो : पुलिस पर पत्थरबाजी की, बंधक बनाया

सिंघाना. डूमोली कलां ग्राम पंचायत की सिहोडिय़ा ढाणी में लीज विवाद मामले में वांछित आरोपी को पकडऩे गई पुलिस पर पत्थरबाजी करने और बंधक बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस पत्थरबाजी के वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने गई थीं।
जानकारी के अनुसार सिहोडिय़ा की ढाणी में कुछ दिन पहले लीज विवाद के दौरान पुलिस पर पत्थरबाजी हुई। इस मामले में आरोपी सिहोडिय़ा की ढाणी के हवासिंह को गिरफ्तार करने के लिए मंगलवार देर शाम दो गाडिय़ों में सवार होकर पुलिस वहां पहुंची। उस दौरान आरोपी हवासिंह गांव के रामेश्वर के घर के बाहर बैठा था। पुलिस आरोपी को पकड़ने गई तो वह रामेश्वर के घर की छत पर चढ़ गया। पीछे-पीछे पुलिस भी छत पर चढ़ गई। पुलिस और आरोपी के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी छत से नीचे खड़े थ्रेसर पर जा गिरा और लहूलुहान हो गया। आरोपी के छत से गिरने से घायल होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर उसे धक्का देकर गिराने का आरोप लगाते हुए घेर लिया और पत्थरबाजी शुरू कर दी। माहौल बिगड़ते देख पुलिस बल में शामिल पुलिसकर्मी वहां से भाग निकले। परंतु सिंघाना थाने की प्रशिक्षु एसआई अभिलाषा व सादा वर्दी में कांस्टेबल राजेंद्र ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए गांव के किसी घर में छिप गए। काफी देर बाद जब मामला शांत हुआ तो एसआई महिलाओं से मिली। ग्रामीणों ने उसे बाइक से करीब एक किलोमीटर दूर खड़ी पुलिस के पास छोड़ दिया। जबकि कांस्टेबल राजेंद्र वहीं छिपा रहा। एक घंटे बाद पुलिस बल गांव पहुंचा और बातचीत के बाद कांस्टेबल को छुड़ाकर अपने साथ ले गई। घटना में तीन पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए।

क्रॉस मामले हुए थे दर्ज

सिहोडिय़ा की ढाणी संचालित खनन लीज को लेकर कुछ दिनों से आपसी विवाद चल रहा है। इस मामले में दोनों तरफ से थाने में क्रॉस मामले दर्ज कराए गए थे। वहीं, मामले की जांच करने गई पुलिस पर पत्थरबाजी करने पर राजकार्य में बाधा के मामला दर्ज किया गया था। इसमें आरोपी हवासिंह वांछित था।
इनका कहना है...
पुलिस लीज विवाद में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने गई थी। ग्रामीणों ने पुलिस बल की घेराबंदी कर प्रशिक्षु एसआइ अभिलाषा व कांस्टेबल राजेंद्र को बंधक बना लिया। बाद में ग्रामीणों बातचीत कर उन्हें छुड़वाया गया।
मुकेश चौधरी, डीएसपी बुहाना
पुलिस हवासिंह को पकडऩे आई थी। पुलिस को देखकर हवासिंह मेरे घर की छत पर चढ़ गया। पीछे-पीछे पुलिस भी छत पर चढ़ गई। छत पर पुलिस ने हवासिंह को धक्का दे दिया। इससे वह नीचे खड़े थ्रेसर पर जा गिरा और चोट लगने से लहूलुहान हो गया।

रामेश्वर, ग्रामीण

सिहोडिय़ा की ढाणी में पुलिस लीज़धारक द्वारा दर्ज मुक़दमे में गिरफ़्तारी के लिए गई थी। हवासिंह के छत से गिरने पर पुलिस घबरा गई और पुलिसकर्मी भीड़ को देख छुप गए। बंधक बनाने वाली जैसी घटना नहीं हुई। मैं मौके पर गया तथा घायल को अस्पताल भेजा तथा पुलिस व ग्रामीणों से समझाइश की।

सतीश गजराज, भाजपा नेता