
फोटो पत्रिका नेटवर्क
पचलंगी(झुंझुनूं)। उदयपुरवाटी उपखंड के गुड़ा गांव में सोमवार को एक वृद्ध महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव की पुरानी हवेली में अकेली रह रही सीता देवी अग्रवाल का शव घर के चौक में खून से सना मिला। घटना से गांव और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस व परिजनों के अनुसार सीता देवी अग्रवाल अपनी पैतृक हवेली में अकेली रहती थीं। सोमवार सुबह जब वह देर तक बाहर नहीं निकली तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। हवेली में जाकर देखने पर चौक में कंबल पर कपड़े से ढका उनका शव पड़ा मिला, जबकि आसपास खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर पड़ोस में रहने वाली महिला घबरा गई और उसने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी चंवरा चौकी और गुढ़ा थाने को दी। सूचना पर गुढ़ा थाना अधिकारी सुरेश कुमार रोलन, चंवरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवलगढ़ वृत्ताधिकारी महावीर सिंह, उदयपुरवाटी थाना अधिकारी रामपाल मीणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह और झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय भी पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य अपने कब्जे में लिए और शव को पोस्टमार्टम के लिए गुढ़ा गौड़ाजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
सीता देवी के कोई संतान नहीं थी। उनके पति सीताराम अग्रवाल का दस वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। श्रीमाधोपुर निवासी उनके भाई संतोष अग्रवाल बीमारी के दौरान उनकी देखभाल करते थे। संतोष अग्रवाल ने ही पुलिस में हत्या की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।
ग्रामीणों व परिजनों के अनुसार सीता देवी और उनके पति लोगों को उधार रुपए देने का काम करते थे। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना पर सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। उदयपुरवाटी विधायक भगवाना राम सैनी व अन्य जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। ग्रामीणों ने पूर्व में हुई घटनाओं का खुलासा नहीं होने का आरोप लगाते हुए शव ले जाने से पहले मामले के खुलासे की मांग की। इस पर जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।
Updated on:
26 Jan 2026 04:59 pm
Published on:
26 Jan 2026 04:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
