नई विज्ञप्ति के अनुसार आवेदक 1 जनवरी 2021 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुका हो और 40 वर्ष का नहीं हुआ हो। बोर्ड द्वारा पूर्व में निकाले गए संक्षिप्त विज्ञापन में आयु की गणना 1 जनवरी 2020 की गई थी। साथ ही यह भी कहा गया है कि जिस भर्ती वर्ष विशेष में सीधी भर्ती के पदों के लिए भर्ती नहीं हुई हो और यदि कोई आवेदक उस वर्ष की भर्ती में आयु की दृष्टि से पात्र था तो उसे आयु की दृष्टि से पात्र माना जाएगा, लेकिन यह छूट तीन वर्ष से अधिक नहीं होगी। यानी पटवार भर्ती परीक्षा का आयोजन वर्ष 2015 के बाद में नहीं होने के कारण समस्त आवेदकों को अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट दी जाएगी। इसके साथ ही राजस्व मंडल अजमेर ने पटवारी के पूर्व में 4207 पदों के बजाय कुल 4421 पदों के स्वीकृति आदेश कर्मचारी चयन बोर्ड को भेज कर दिए हैं। इसमें गैर अनुसूचित क्षेत्र के 3815 और अनुसूचित क्षेत्र के 606 पद शामिल हैं।