
नशे में परीक्षा देने पंहुचा अभ्यर्थी
राजस्थान पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन अलवर में एक अभ्यर्थी शराब पीकर परीक्षा देने केंद्र पर पहुंच गया। प्रशासन नकल रोकने के लिए सख्त पहरेदारी और जांच में जुटा था, वहीं यह अभ्यर्थी शराब के नशे में परीक्षा देने आया। शहर के जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल (मन्नी का बड़) केंद्र पर हुई इस घटना ने सुरक्षा और जांच व्यवस्था पर कुछ पल के लिए सवाल भी खड़े किए, हालांकि स्थिति स्पष्ट होते ही पुलिस ने आरोपी अभ्यर्थी को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणगढ़ निवासी जितेंद्र कुमार सोमवार को सुबह की पारी में परीक्षा देने जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल केंद्र पहुंचा था। शुरुआत में गेट पर तैनात कर्मचारियों ने सामान्य जांच के बाद उसे अंदर प्रवेश दे दिया। लेकिन जब वह परीक्षा कक्ष की ओर बढ़ा, तो उसके व्यवहार और दुर्गंध से कर्मचारियों को उसके नशे में होने का संदेह हुआ। स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद प्रशासन ने उसे परीक्षा देने से रोक दिया और केंद्र से बाहर निकाल दिया। अपना एग्जाम छूटने के बाद जितेंद्र करीब 20 मिनट तक केंद्र के बाहर ही बैठा रहा। इसके अलावा, कई अन्य केंद्रों पर भी सख्ती के चलते देरी से पहुंचे अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिला।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने अभूतपूर्व तैयारी की है। डमी कैंडिडेट और नकल गिरोह के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए एसओजी ने एक बड़ी इनामी घोषणा की है। विभाग की ओर से ऐलान किया गया है कि जो भी नकल गिरोह, पेपर लीक माफिया या फर्जी परीक्षार्थियों के बारे में पुख्ता जानकारी देगा, उसे 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। एसओजी ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग निडर होकर पुलिस का सहयोग कर सकें।
अलवर जिले में इस भर्ती परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 64 केंद्र बनाए गए हैं। पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें लगातार केंद्रों की मॉनिटरिंग कर रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ फ्लाइंग स्क्वॉड भी सक्रिय हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले या नशे जैसी अनुशासनहीनता फैलाने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, जिले के सभी केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया जारी है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
Updated on:
06 Apr 2026 03:04 pm
Published on:
06 Apr 2026 03:04 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
