24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलवर सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में बहाला टोल टैक्स के पास शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने गांव लौट रहे एक मसाला कंपनी के कर्मचारी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
alwar road accident

सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई (फोटो - पत्रिका)

रफ्तार के कहर ने एक और हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं। अलवर के उद्योग नगर थाना इलाके में शनिवार देर रात बहाला टोल टैक्स के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहां एक अज्ञात वाहन ने लापरवाही से चलाते हुए एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद सड़क पर भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक की जेब से उसका मोबाइल निकाला और उसके परिजनों को एक्सीडेंट की सूचना दी। इसके तुरंत बाद लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया और युवक को तुरंत अलवर जिला अस्पताल भिजवाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बहाला टोल प्लाजा के पास हादसा

जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय महेंद्रपाल मीणा (पुत्र मंगलराम मीणा) बडौदामेव के पास स्थित बूटियाना गांव का रहने वाला था। वह पिछले तीन सालों से अलवर की 'सीबा मसाला कंपनी' में नौकरी करता था। रोजाना की तरह शनिवार रात करीब साढ़े 9 बजे वह अपनी ड्यूटी खत्म करके बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। लेकिन जैसे ही वह बहाला टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया।

महेंद्रपाल अपने घर का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। उसकी अचानक मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। महेंद्रपाल के दो बेटे हैं, जो फिलहाल आईटीआई (ITI) की पढ़ाई कर रहे हैं। परिजनों ने बताया कि अभी दोनों बेटों की शादी भी नहीं हुई थी और सिर से पिता का साया उठ गया।


इधर, सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने रविवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बहाला टोल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके ड्राइवर की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।