
फाइल फोटो (पत्रिका)
राजस्थान का अलवर जिला साइबर ठगों के निशाने पर रहता है, लेकिन अब अलवर पुलिस भी इन अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर चौधरी ने बताया कि जिले में ऑनलाइन फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन, वर्क फ्रॉम होम स्कैम और फर्जी सिम के जरिए होने वाली ठगी पर लगाम लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार और एएसपी ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी के सुपरविजन में पुलिस की अलग-अलग टीमों (रामगढ़, शिवाजी पार्क, राजगढ़, विजय मंदिर, अरावली विहार, उद्योग नगर और खेड़ली) ने एक साथ कार्रवाई करते हुए ठगों के मददगार 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ 9 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
ये आरोपी बेहद शातिर तरीके से साइबर अपराध के इस खेल को अंजाम दे रहे थे। आरोपी खुद के या दूसरों के नाम पर फर्जी बैंक खाते (म्यूल अकाउंट) खुलवाते थे। साइबर ठगी की रकम को असली मास्टरमाइंड सीधे इन खातों में मंगाते थे। ये आरोपी बैंक से कैश निकालकर या ट्रांसफर करके अपना कमीशन काटते और बाकी पैसा मुख्य ठगों को दे देते थे, ताकि असली अपराधी की पहचान छिपी रहे।
इसके अलावा टेलीग्राम और अन्य ऐप्स के जरिए लोगों को घर बैठे मोटी कमाई और ऑनलाइन टास्क पूरा करने का लालच देकर निवेश कराया जाता था और फिर उनके साथ लाखों का फ्रॉड होता था। ये ठग जस्ट डायल (Justdial) ऐप के जरिए होटलों के नंबर निकालते थे। फिर होटल मालिक या मैनेजर को कमरा बुक करने के बहाने फर्जी पेमेंट का स्क्रीनशॉट या मैसेज भेजते थे। इसके बाद कहते थे कि 'गलती से ज्यादा पैसे ट्रांसफर हो गए हैं, कृपया वापस कर दें' और क्यूआर (QR) कोड भेजकर सामने वाले का खाता साफ कर देते थे।
इस कार्रवाई के बीच अलवर पुलिस लगातार युवाओं और ग्रामीणों को जागरूक कर रही है। पुलिस की विशेष टीमें, कालिका पेट्रोलिंग और एंटी रोमियो यूनिट गांवों और स्कूलों में जाकर युवाओं को आगाह कर रही हैं कि वे चंद रुपयों के लालच में आकर अपने बैंक खाते किसी अनजान व्यक्ति को न दें, क्योंकि ऐसा करना आपको सीधे जेल पहुंचा सकता है। पुलिस ने कहा है कि अगर आप किसी भी तरह के ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होते हैं, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। अलवर के निवासी जिला पुलिस के विशेष नंबर 8764874306 पर भी तुरंत कॉल कर मदद ले सकते हैं।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में राहुल (28, रामगढ़), नितिन (21, रामगढ़), पंकज कुमार (44, एनईबी), दीपक सैनी (32, एनईबी), प्रतापसिंह राजपूत (24, राजगढ़), आसिब (26, विजय मंदिर), सचिन मीना (25, खेड़ली), सब्बन खान (27, उद्योग नगर) और टॉफिक खान (25, अरावली विहार) शामिल हैं।
Published on:
24 May 2026 04:27 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
