
representative picture
ज्येष्ठ मास के देवता और आकाशीय मंडल के प्रधानग्रह सूर्यदेव का सोमवार दोपहर 3.38 बजे रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश होगा। इसके साथ नौतपा की भी शुरुआत होगी। ज्योतिषविदों के मुताबिक नौ दिन की इस अवधि में सूर्य और पृथ्वी के बीच की दूरी काफी कम रहेगी। नौतपा के सभी दिनों में भीषण गर्मी को मानसून में अच्छी बारिश का संकेत माना जाता है।
हालांकि इस बार नौतपा के शुरुआती छह दिन के भीतर बुध और सूर्य की युति के कारण तेज आंधी और बारिश के योग भी रहेंगे। ज्योतिषाचार्य पं.मोहनलाल शर्मा ने बताया कि 29 मई को सुबह 7:10 बजे बुध देव मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे। नौतपा के पहले छह दिन अधिक गर्म रहेंगे। इसके बाद तीन दिन आंधी चलने व बारिश के आसार हैं।
इस बीच मौसम विभाग ने भी सामान्य से अधिक तापमान की संभावना जताई है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी एक सप्ताह तक बारिश नहीं होने के आसार हैंं। पश्चिमी राजस्थान में हीट वेव का दौर हावी रहेगा। शहर का तापमान 46 से 48 डिग्री तक रह सकता है। पूर्वी राजस्थान में तापमान 45 डिग्री से अधिक रह सकता है। सामान्य तीन से चार डिग्री तक तापमान बढ़ेगा। नौतपा के आखिरी दो से तीन दिन में बूंदा-बांदी के आसार हैं।
ज्योतिषाचार्य पं.दामोदर प्रसाद शर्मा के मुताबिक इस बार रोहिणी का निवास समुद्र में होने से समय पर अच्छी वर्षा के संकेत हैं। मानसून में मेघ मेहरबान रहेेंगे। रोहिणी नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा हैं, जिन्हें शीतलता का प्रतीक माना जाता है, लेकिन सूर्य के इस नक्षत्र में आने से उसकी शीतलता कम होती है। इससे गर्मी अपने चरम पर होती है। शुरू में लू, आगजनी और आपदा जैसी स्थितियां बनने की आशंका है।
वर्ष 1999 में नौतपा के दौरान दो मंगलवार और ज्येष्ठ अधिक मास का संयोग बना था। इस बार भी दो मंगलवार रहेंगे। इसके अलावा मिथुन राशि में गुरु, शुक्र और बुध के आने से त्रिग्रही योग भी रहेगा। 30 मई से तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे नौतपा खंडित होगा। आगामी वर्षाकाल में खंडवर्षा के योग भी रहेंगे। 25 से 27 जून तक रेतीली जगहों पर पारा 50 डिग्री तक पहुंचेगा।
जिले के शास्त्रीनगर स्थित विज्ञान पार्क के प्रो. कैलाश मिश्रा के मुताबिक खगोल विज्ञान के अनुसार नौतपा में सूर्य उत्तरी गोलार्ध के अधिक नजदीक आ जाता है और उसकी किरणें पृथ्वी पर सीधी पड़ती हैं। इससे तापमान अधिक बढ़ता है। ज्योतिषाचार्य पं. घनश्याम लाल स्वर्णकार ने बताया कि नौतपा के आखिरी दिनों में मौसम बदलने से कुछ जगहों पर हल्की बारिश, आंधी चलने के पूरे आसार हैं। सूर्यदेव की तपिश इस बार अन्य साल के मुकाबले ज्यादा रहेगी। तापमान भी कई रिकॉर्ड तोड़ेगा।
Updated on:
24 May 2026 01:13 pm
Published on:
24 May 2026 01:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
