
लावारिस खड़े टैंकर से 12 सौ लीटर बायो डीजल जब्त
जोधपुर.
बासनी थाना पुलिस ने सांगरिया में एक होटल के पास लावारिस हालत में खड़े मिनी ट्रक व उस पर बने टैंकर से 12 सौ लीटर बायो डीजल जब्त किया। ट्रक के पंजीयन नम्बर के आधार पर आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार सांगरिया में खाने की एक होटल के पास मिनी ट्रक पर बने टैंकर में बायो डीजल होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर कब्जे में लिया। आस-पास तलाश करने के बावजूद चालक का पता नहीं लग पाया। जांच करने पर टैंकर में 12 सौ लीटर बायो डीजल भरा मिला। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर टैंक लगा मिनी ट्रक, मोटर व पम्प जब्त किए। पुलिस का कहना है कि टैंकर से आस-पास के क्षेत्र में बायो डीजल बेचने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी टैंकर छोड़ गायब हो गए।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने प्रदेश में बायोफ्यूल के लिए 57 व्यक्तियों/संस्थाओं को रिटेल लाइसेंस जारी किए हैं लेकिन इन लाइसेस की आड़ में कई रिटेलर्स व अन्य लोग बीच सडक़ पर खड़े होकर बायो फ्यूल बेच रहे हैं। और तो और इन्होंने वाहन चालकों को आकर्षित करने के लिए गाडिय़ों पर सरकारी बायो डीजल के बड़े-बड़े बैनर लगा रखे हैं, जबकि सरकार किसी प्रकार का उत्पादन अथवा बिक्री नहीं कर रही है।
Published on:
31 Oct 2021, 1:41 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.