
जेएनवीयू छात्रसंघ चुनाव में 17500 विद्यार्थी डालेंगे मत
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय सहित अन्य विवि और राजकीय महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदाता सूचियों का प्रकाशन विभिन्न संकाय में गुरुवार सुबह 10 बजे से किया गया। विश्वविद्यालय में इस साल करीब 17 हजार 500 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सर्वाधिक मतदाता कमला नेहरू महिला महाविद्यालय में करीब 4,600 है। वर्ष 2019 में हुए छात्र संघ चुनाव से इस साल करीब साढ़े चार हजार मतदाता कम हो गए हैं। एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के एमबीएम विश्वविद्यालय में क्रमोन्नत होने से तीन हजार मतदाता घट गए। विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव 26 अगस्त को होंगे। अगले दिन चुनाव परिणाम जारी किए जाएंगे।
शनिवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
छात्र-छात्राएं शनिवार दोपहर एक बजे तक मतदाता सूची पर आपत्ति भेज सकते हैं। उसके बाद शाम को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। 22 अगस्त से उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसी दिन शाम तक उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच और आपत्तियां प्राप्त की जाएगी। अगले दिन वैद्य नामांकन सूची का प्रकाशन होगा। इसी दिन उम्मीदवार की नाम वापसी होगी। 23 अगस्त को उम्मीदवार की अंतिम नामांकन सूची जारी की जाएगी।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आए एसएफआई प्रत्याशी के साथ
जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव के लिए छात्र संगठनों और प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। दिन भर कैंपस में प्रचार किया जा रहा है। उधर विश्वविद्यालय के कई पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अरविंद सिंह भाटी को समर्थन देने का निर्णय किया है। पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह भाटी, रविंद्र सिंह राणावत, कुणाल सिंह अरविंद सिंह के साथ प्रचार प्रसार कर रहे हैं। भाटी ने बुधवार को मेघवाल छात्रावास, वैष्णव छात्रावास, वाणिज्य संकाय ओल्ड केंपस और न्यू कैंपस में छात्र-छात्राओं से संपर्क किया।
किस संकाय में कितने मतदाता
संकाय ------- मतदाता
केएन कॉलेज ------- 4600
इवनिंग स्टडीज------- 1531
विज्ञान संकाय ------- 2790
कला संकाय ------- 3907
विधि संकाय ------- 1501
वाणिज्य संकाय ------- 2719
(यह मतदाता सूची अस्थाई है।)
Published on:
18 Aug 2022 06:32 pm
