जोधपुर।
झंवर थानान्तर्गत जोलियाली गांव में नाबालिग पत्नी से चोरी छुपे मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों पकड़ लिया और मारपीट की। बंधक बनाकर बाल काट दिए और छोड़ने की एवज में पिता से सात लाख रुपए फिरौती मांगी। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने गुरुवार को एफआइआर दर्ज की।
थानाधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि अट्ठारह वर्षीय एक युवक का कुछ समय पहले बाल विवाह हुआ था, लेकिन गौना नहीं हुआ है। दोनों आपस में मोबाइल पर बात करते हैं। इसी के चलते वह मंगलवार रात पत्नी से मिलने के लिए ससुराल गया था, जहां से वह लौटने लगा तो आस-पास के ग्रामीणों को संदेह हो गया। उसे चोर समझकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया और मारपीट कर दी। उसे गांव के ओरण में ले जाकर बंधक बना लिया और मारपीट की गई।
फिर उसके पिता को फोन कर पुत्र के बंधक बनाने व छोड़ने की एवज में सात लाख रुपए फिरौती मांगी। सुबह होने पर ग्रामीण युवक को एक दुकान पर ले गए, जहां रस्सी से बांधकर मारपीट की और बाल काट दिए। बाद में युवक के घरवाले आए और उसे छुड़ाया। युवक की तरफ से सुनील, भल्लाराम, बीरबलराम, स्वरूपराम व अन्य के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट और फिरौती मांगने का खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
लोगों ने वीडियो बनाए, सोशल मीडिया में वायरल
युवक से मारपीट व बंधक बनाकर बाल काटने के दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने वीडियो बनाए। जो सोशल मीडिया में वायरल हो गए। जिससे पुलिस हरकत में आई।