5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आरोप, बेटे को जबरन जेठ के घर ले जाने पर बहन ने की थी आत्महत्या

- दिनभर गतिरोध के बाद ससुराल पक्ष को सौंपा महिला का शव, पति व ससुर गिरफ्तार

2 min read
Google source verification
mamta Gaur death case

बेटे के साथ ममता

जोधपुर.

माता का थान थाना पुलिस ने मदेरणा कॉलोनी में महिला के आत्महत्या करने के मामले में बुधवार को पति व ससुर को गिरफ्तार कर लिया। मृतका के भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले बहन को प्रताडि़त कर रहे थे। ढाई साल के पुत्र को चोरी-छुपे जेठ के घर ले जाने से आहत होकर महिला ने आत्महत्या की थी। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है। उधर, दिनभर के गतिरोध के बाद पुलिस ने शव ससुराल पक्ष को सौंपा।

थानाधिकारी भंवरसिंह जाखड़ ने बताया कि मदेरणा कॉलोनी निवासी ममता गौड़ (30) पत्नी वासुदेव की सोमवार रात ससुराल में आत्महत्या की थी। नांदड़ा खुर्द निवासी मृतका के भाई हनुमान प्रसाद ने ममता के पति वासुदेव, ससुर सुरेश, सास लक्ष्मी, जेठ विमल व जेठानी पुष्पा के खिलाफ दहेज के लिए तंग व प्रताडि़त कर दहेज हत्या की एफआइआर दर्ज कराई थी। जांच एसीपी (मण्डोर) नगेन्द्र कुमार कर रहे हैं। जांच के बाद मृतका के पति वासुदेव गौड़ व ससुर सुरेश को गिरफ्तार किया गया।

गतिरोध के बाद ससुराल पक्ष को सौंपा शव

इस बीच, परिजन व समाज के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए थे। समझाइश के बाद पुलिस ने मंगलवार शाम बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया था, लेकिन अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने की बात पर पीहर व ससुराल पक्ष में सहमति नहीं बन पाई थी। परिजन बुधवार को भी महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर जमा हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी व मृतका के ढाई साल के पुत्र की पढ़ाई व भविष्य की खातिर सम्पत्ति नाम करवाने की मांग पर अड़ गए। दोनों पक्षों के बीच वार्ता के बाद शाम को गतिरोध समाप्त हुआ और शव ससुराल पक्ष को सौंपा गया।

...बेटे के लिए फोन किया तो पति ने भी धमकाया

मृतका के भाई का आरोप है कि ममता की दिसम्बर 2021 में शादी हुई थी। ढाई साल का बेटा है। पति की ओडीशा में निजी कम्पनी में नौकरी है। शादी के बाद उसे प्रताडि़त किया जा रहा था। उसने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत की थी। पुलिस ने ससुराल पक्ष से समझाइश की थी। गत रविवार को ममता के पुत्र को चोरी छुपे बनाड़ रोड रहने वाले जेठ के घर ले गए थे। इसका पता लगने पर महिला ने पति को फोन किया था, लेकिन पति ने उलटा उसे ही धमकाया और गाली दी थी। पीहर पक्ष को संदेह है कि इन सभी की वजह से उसने आत्महत्या की। हालांकि पुलिस ने बेटे को छीनने के आरोप से इनकार किया।