
blind gets package of millions, jodhpur
अगर दृढ़ निश्चय, पक्के संकल्प और बुलंद हौसले के साथ मेहनत की जाए, तो कामयाबी कदम चूमती है। शहर के कई दृष्टिहीनों ने मन की आंखों से खूब पढ़ाई कर नजर वालों को पीछे छोड़ दिया है। यहां के मेधावी दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के आईक्यू व विजन के कारण उन्हें लाखों के पैकेज मिल रहे हैं।
जोधपुर के दो दृष्टिबाधितों को लाखों का पैकेज
जोधपुर के नेत्रहीन विकास संस्थान और जयपुर के नेत्रहीन कल्याण संघ में अध्ययनरत रहे हैदराबाद के नालसर लॉ विश्वविद्यालय के छात्र युगल जैन का 15 लाख के पैकेज पर चयन हुआ है। बीए ऑनर्स व एलएलबी के छात्र युगल को मुंबई की प्रतिष्ठित फर्म सिरिल अमरचंद मंगलदास ने कैम्पस प्लेसमेंट के दौरान चुना। जोधपुर के नेत्रहीन विकास संस्थान के ही एक और छात्र का भी एक प्रतिष्ठित लॉ फर्म में लाखों रुपए के पैकेज पर चयन हुआ है। कंपनी के साथ अनुबंध के कारण वह अपना व कम्पनी का नाम और पैकेज की राशि नहीं बताना चाहता।
नेत्रहीन कल्याण संघ जयपुर में प्रारंभिक पढ़ाई
पत्रिका सनसिटी एक्सपोज से बातचीत में युगल जैन ने बताया कि उसका 29 जून 1993 को जयुपर में जन्म हुआ। 2005-6 में पहली व दूसरी कक्षा नेत्रहीन कल्याण संघ जयपुर से पास की और उसके बाद 2007 से 2010 तक जोधपुर के नेत्रहीन विकास संस्थान में अध्ययन किया।
युगल ने बताया कि उसने दसवीं तक जोधपुर के अवासीय विद्यालय नेत्रहीन विकास संस्थान में अध्ययन किया है। उसे सन 2012 में आईडीआईए स्कॅालर चुना गया था। पिता योगेंद्र जैन की जयपुर के अजमेरी गेट रेडियो मार्कट में जनरल स्टोर की दुकान है। अब वह जुलाई 2017 में कंपनी ज्वाइन करेगा।
इन दृष्टिबाधितों का हुआ बैंक में चयन
जोधपुर के नेत्रहीन विकास संस्थान में अध्ययनरत रहे 22 मेधावी दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की बैँकिंग सेक्टर में नौकरी लगी है। उनमें उमेश मांगीलाल की यूनियन बैंक, अम्बालाल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मीना स्वामी, गणेश भाटी, परवीना ताहिरा, हर्षा, कमला लोडे व महेश पंजाब नेशनल बैंक, रामस्वरूप, दिनेश, त्रिलोक, चंद्रेश, भगवती मीणा, चंद्रेश, गुमानाराम व गणपत पालीवाल बैंक ऑफ बड़ौदा, राधेश्याम व रतन गुर्जर आेरियंटल बैंक, नंदकिशोर, अर्जुन बोहरा व ललित माली स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर और माताराम की केनरा बैंक में नौकरी लगी है।

Published on:
26 May 2016 11:19 am
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
