
Jodhpur News: पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी जिले के ऑपरेशन 'मिशन संकल्प' के तहत लूनी कस्बे की इन्द्रा कॉलोनी स्थित मकान में उगाए गए गांजे के 21 किलो के छह पौधे जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार किया। बाजार में इसकी लागत 10 लाख 50 हजार रुपए बताई जाती है।
वहीं जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने 20 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ जब्त कर युवक को गिरफ्तार किया गया। बीते 20 दिन में एनडीपीएस एक्ट के 11 मामले दर्ज कर 12 जनों को गिरफ्तार कर 87 लाख रुपए का मादक पदार्थ जब्त किया जा चुका है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि ड्रग्स की रोकथाम और पेडलरों पर कार्रवाई के उद्देश्य से 'मिशन संकल्प' अभियान चल रहा है। इसी के तहत हेल्पलाइन-वाट्सएप नम्बर 8764519202 पर लूनी की इन्द्रा कॉलोनी में हरीश प्रजापत के मकान में गांजे के पौधे उगाए जाने की सूचना मिली। डीसीपी ऑफिस से हेड कांस्टेबल शैतानसिंह व नरसिंहराम को मौके पर भेजा गया।
तस्दीक के बाद लूनी थानाधिकारी हुकमसिंह के नेतृत्व में पुलिस ने दबिश दी, जहां मकान के चौक में गांजे के छह पौधे उगे हुए मिले, जो 21 किलो के थे। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर इन्द्रा कॉलोनी निवासी हरीश (37) पुत्र भीकाराम प्रजापत को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि गांजे की सप्लाई और सेवन के लिए मकान में ही पौधे लगा रखे थे। इन पौधों पर फूल व कली आई हुई थी।
उधर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानाधिकारी नितिन दवे और डीएसटी प्रभारी एसआइ पिंटू कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने चौहाबो सेक्टर-17 में एक मकान पर दबिश दी। तलाशी लेने पर 20 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई। इसकी लागत चार लाख रुपए बताई जाती है। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर चौहाबो सेक्टर-17 निवासी प्रवीण को गिरफ्तार किया गया। उससे बाइक भी जब्त की गई।
Updated on:
20 Dec 2024 09:31 am
Published on:
20 Dec 2024 09:29 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
