उदय मंदिर थाना अंतर्गत राइका बाग ओवर ब्रिज पर रविवार रात 2.30 बजे तेज रफ्तार वाला पुरवाई से आया एक कंटेनर ट्रेलर ओवर ब्रिज की दीवार से टकराकर नीचे जा गिरा और पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार एक कंटेनर ट्रेलर रात 2.30 बजे नागौर रोड से पावटा सर्कल होकर रातानाडा की तरफ जा रहा था। राइकाबाग ओवर ब्रिज पर होटल के सामने गोलाई में चालक ने नियंत्रण खो दिया और पुल की दीवार और रेलिंग से जा टकराया। ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह रेलिंग तोड़कर पुल से नीचे गिरकर पलट गया। धमाके की आवाज सुन आसपास के लोग बाहर आए और पुलिस को सूचित किया। उदय मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। चालक की हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। टेलर को सीधा कर बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।