जोधपुर।
लूनी थानान्तर्गत निम्बला चौकी के पास ट्रेलर से 3625 किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार होने वाले दोनों व्यक्तियों को रिमाण्ड पर भेज दिया गया। बाड़मेर में मादक पदार्थ की सप्लाई मंगवाने वाले तस्कर का अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। (Drugs smuggling)
पुलिस उपायुक्त पश्चिम गौरव यादव ने बताया कि प्रकरण में गिरफ्तार नागौर जिले में कुचेरा थानान्तर्गत रूण गांव में तेलियों का बास निवासी शरीफ पुत्र कमरूद्दीन और बाड़मेर जिले में पचपदरा थानान्तर्गत बड़नावा जागीर निवासी अब्दुल शकूर पुत्र जले खां से पूछताद की जा रही है। आरोपियों को 8-8 दिन के रिमाण्ड पर भेजा गया है। मादक पदार्थ मंगवाने वाले की पहचान बाड़मेर के सांवरिया के रूप में हुई है। जो व्हॉट्सऐप कॉल से दोनों के सम्पर्क में था। इस आधार पर उसकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
रांची के पास से भरा था मादक पदार्थ, पहले भी ला चुका है डोडा
जांच कर रहे कुड़ी भगतासनी थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह ने बताया कि आरोपी शरीफ ही ट्रक मालिक है। वह पहले भी एक बार ट्रेलर में डोडा पोस्त ला चुका है। उसने झारखण्ड में रांची के पास से ट्रेलर में डोडा पोस्त भरा था और बाड़मेर में सप्लाई देनी थी। बदले में उसे 4.50 लाख रुपए किराया मिलना था। उससे पाली रोड पर एक स्थान के पास पहुंचने पर तस्कर सम्पर्क कर डोडा पोस्त सप्लाई देने वाले स्थान के बारे में बताने वाले थे। आरोपी शकूर के खिलाफ चोरी के चार और पोक्सो-गैंग रेप व मारपीट के एक-एक मामले दर्ज हैं।