
Rajasthan Politcs: राजस्थान की राजनीति में इन दिनों फोन टैपिंग विवाद को लेकर घमासान मचा हुआ है। भाजपा नेता और कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के फोन टैपिंग के आरोपों के बाद यह मुद्दा और गहरा गया है। इस बीच, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर करारा प्रहार किया है।
जोधपुर में अपने निवास पर मीडिया से बात करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि गहलोत साहब को तो फोन टैपिंग के मामले में चर्चा करने का नैतिक अधिकार ही नहीं है। उनके कार्यकाल में जितनी फोन टैपिंग हुई, उतनी किसी और सरकार में नहीं हुई। उनके OSD रहे लोकेश शर्मा ने दिल्ली की अदालत में शपथपूर्वक बयान दिया था कि गहलोत सरकार में फोन टैपिंग हुई थी।
इस दौरान मंत्री शेखावत ने यह भी कहा कि लोकेश शर्मा ने यह स्वीकार किया कि फोन टैपिंग गैरकानूनी तरीके से की गई और उन्हें इसे मीडिया में लीक करने के लिए कहा गया था। जो लोग खुद ऐसे पाप कर चुके हैं, उन्हें दूसरों पर उंगली उठाने का कोई हक नहीं।
वक्फ बोर्ड कानून में बदलाव पर संसद में चल रहे विरोध को लेकर शेखावत ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग वक्फ संपत्तियों पर कब्जा कर चुके हैं, वही इस कानून का विरोध कर रहे हैं। वक्फ संपत्तियों का इस्तेमाल व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए किया गया, अब जब सरकार इसे सही करने के लिए कानून ला रही है, तो कुछ लोगों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संयुक्त संसदीय समिति (JPC) ने इस मुद्दे पर रिपोर्ट तैयार की है और इसमें सभी पक्षों को अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया जाएगा।
महाकुंभ को लेकर भी गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में अब तक 50 करोड़ से अधिक लोग स्नान कर चुके हैं, यह एक विश्व रिकॉर्ड बन रहा है। कुंभ के आयोजन को लेकर भविष्य में एक केस स्टडी तैयार की जाएगी।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं के कुंभ स्नान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की यही फितरत रही है। पहले विरोध करती है, फिर खुद ही वही काम करने लगती है। कोविड के समय जब वैक्सीन आई थी, तब यही कांग्रेसी इसे भाजपा की वैक्सीन बताकर विरोध कर रहे थे। लेकिन बाद में चुपके से जाकर खुद ही वैक्सीन लगवा ली।
बताते चलें कि हाल ही में कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने अपनी ही सरकार में फोन टैपिंग के आरोप लगाए, जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस में घमासान मचा हुआ हैं। वहीं, केंद्र सरकार वक्फ संपत्तियों को लेकर नया कानून ला रही है, जिसका कुछ संगठनों द्वारा विरोध किया जा रहा है।
Updated on:
14 Feb 2025, 1:09 PM IST
Published on:
14 Feb 2025, 1:01 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.