टिड्डी यानी डेजर्ट लोकस्ट का वैज्ञानिक नाम सिस्टोसिरा ग्रीगेरिया है। इसका जीवन काल 90 दिन का होता है। अंटार्कटिका व उत्तरी अमरीका को छोड़कर पूरे विश्व में पाई जाती है। मुख्यत: अफ्रीका, मध्य पूर्व और एशिया के देशों में मिलती है। इससे दुनिया के 60 देश, पृथ्वी का पांचवा हिस्सा और दुनिया की दस फीसदी जनसंख्या प्रभावित है। इसमें अन्य जानवरों की तरह मेटामॉर्फोसिस के दौरान प्यूपा अवस्था नहीं पाई जाती है। अण्डे में से निम्फ निकलकर सीधा वयस्क टिड्डी में बदल जाते हैं।
रेगिस्तानी टिड्डी की सोलिटरी और ग्रीगेरियस दो अवस्थाएं होती हैं। सोलिटरी अवस्था में यह अकेली रहती है। गुलाबी या हल्के भूरे रंग की होती है। ग्रीग्रेरियस में बड़े झुंड में रहती है व चटक पीला और हरे रंग की हो जाती है। 1920 तक वैज्ञानिक इसे टिड्डी की दो अवस्थाएं मानते थे। सोलिटरी फेज में टिड्डी बहुत कम खाना खाती है और हानिकारक नहीं होती है। अत्यधिक वर्षा होने व नमी मिलने पर इनकी संख्या बढ़ती है और एक दूसरे के साथ टकराने पर इनके मस्तिष्क में सेरिटीनोन हार्मोन का स्त्रवण बढ़ जाता है और समूह की प्रवृत्ति बढ़ती है। सोलिटरी (शर्मिली) से ग्रीगेरियस (सोशियल) फेज में आते ही यह लम्बी उड़ान भरने और एक दिन में खुद के वजन के बराबर खाना खाने की प्रवृत्ति पैदा हो जाती है। अगर खाना नहीं मिलता है तो बलवान टिड्डी कमजोर व मरी हुई टिड्डी को भी खाने लगती है।
– यह एक दिन में 160 किलोमीटर तक सफर कर सकती है। 1954 में उत्तरी-पश्चिमी अफ्रीका से ब्रिटेन तक टिड्डी ने सफर तय किया। 1988 में पश्चिमी अफ्रीका से केरिबियाई देशों में गई।
– इसका सबसे बड़ा दल 740 वर्ग किलोमीटर तक बड़ा हो सकता है। केवल एक किलोमीटर क्षेत्र में 40 से 80 मिलियन टिड्डी हो सकती है।
– यह एक दिन में साल भर में 2500 व्यक्तियों के बराबर खाना खा लेती है। एक टिड्डी एक दिन में खुद के वजन के बराबर खाना खाती है। बड़ा दल एक दिन में 19 करोड़ किलो सूखा पादप खा जाते हैं।
– वर्ष 1800 में चीन में तीन टिड्डी हमले में तीन बार भयंकर अकाल पड़ा था।
– यह हवा में 5000 फीट की ऊंचाई तक उड़ सकती है।
– सर्दियों में टिड्डी पूर्वी अफ्रीका के देशों और स्वेज नहर के दोनों ओर विंटर ब्रीडिंग कर रही थी।
– स्प्रिंग ब्रीडिंग के समय जनवरी से अप्रेल के दौरान पश्चिमी, मध्य अफ्रीका, खाड़ी देशों में अण्डे देती है।
– गर्मियों में भारत-पाकिस्तान के बॉर्डर पर समर ब्रीडिंग करती है।
मैं 1993 में जोधपुर आया। उस वक्त टिड्डी दल को मैंने एक पेड़ को केवल 15 मिनट में चट करते हुए देखा। नीम का पेड़ पूरा नग्न हो गया। ग्लोबल वार्मिंग के कारण ही टिड्डी ने यह विकराल रूप लिया है। यह अरब के रेगिस्तान में वहीं फली-फूली है जहां मानव दखल कम है। अगर समय रहते इसको मार दिया जाता तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।
– डॉ. संजीव कुमार, प्रभारी अधिकारी, भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (जेडएसआई) जोधपुर