
जोधपुर एम्स में हनुमान बेनीवाल। फोटो- पत्रिका नेटवर्क
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शनिवार को जोधपुर दौरे के दौरान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), जोधपुर की गवर्निंग बॉडी (GB) की बैठक में भाग लिया। इस अहम मीटिंग में उन्होंने वर्ष 2020 से 2023 के बीच हुए प्रशासनिक भ्रष्टाचार व अनियमितताओं को लेकर गंभीर आपत्ति जताई और निष्पक्ष जांच की जोरदार मांग रखी। वहीं मीडिया से बातचीत में उन्होंने SI भर्ती परीक्षा पर राजस्थान सरकार को दिल्ली कूच की चेतावनी दी है।
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि एम्स, जोधपुर एशिया का दूसरा सबसे बड़ा संस्थान है, लेकिन यहां चिकित्सा संसाधनों, पदोन्नति, भर्ती और व्यवस्थाओं में व्यापक अनियमितताएं देखी गई हैं। उन्होंने कोविड काल में हुए मास्क, सैनिटाइजर और अन्य चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित घोटालों की भी जांच की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी दोहराई।
बेनीवाल ने चेताया कि यदि इन मामलों में निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे आगामी संसदीय सत्र में इसे लोकसभा में पुरजोर तरीके से उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि एम्स में स्थानीय नेताओं और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से संसाधनों का दुरुपयोग हुआ है।
हाल ही में वायरल हुए उस वीडियो पर भी बेनीवाल ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उनके समर्थकों की ओर से एम्स परिसर में आरएलपी कार्यालय खोले जाने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता जनता की सेवा के लिए हर जगह मौजूद रहेंगे, यह कोई राजनीतिक कार्यालय नहीं है, बल्कि जनहित की उपस्थिति है।
राजनीतिक बयानबाजी में भी बेनीवाल पीछे नहीं रहे। उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को निशाना साधते हुए कहाक कि डोटासरा अब सिर्फ गमछा लहराने वाले नेता बनकर रह गए हैं, जनता जल्द उन्हें जवाब देगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी हमला बोलते हुए बेनीवाल ने कहा कि हमारी आरएलपी पार्टी ने कांग्रेस को 25 लाख वोट दिलाए, लेकिन बाद में गठबंधन ने हमें नुकसान पहुंचाया।
यह वीडियो भी देखें
एसआई भर्ती पर हनुमान बेनीवाल ने कहा कि भाजपा नेता जनता के किया अपना वादा भूल चुके हैं। हम राजस्थान सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 को रद्द कराने के लिए पिछले 1 महीने से जयपुर में धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है। मामला राजस्थान हाईकोर्ट में है और 1 जुलाई को सुनवाई में फैसला आने की उम्मीद है। अगर फैसला हमारे हक में नहीं आता है तो हम युवाओं को न्याय दिलाने के लिए दिल्ली कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि इस वक्त बीजेपी में अघोषित आपातकाल है।
Updated on:
28 Jun 2025 07:22 pm
Published on:
28 Jun 2025 07:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
