जोधपुर।
सरदारपुरा थाना पुलिस ने बी रोड पर हवाला कारोबारी के ऑफिस से 45 लाख रुपए की डकैती के मामले में दो युवकों को झुंझुनूं से गिरफ्तार किया। इन दोनों को डकैती करने पर तीन लाख रुपए मिले थे। हिस्ट्रीशीटर सहित तीन आरोपियों को पहले ही पकड़ा जा चुका है।
थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि गत 4 मार्च को सरदारपुरा बी रोड पर हवाला कारोबारी के ऑफिस में कुछ नकाबपोश युवकों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर 45 लाख रुपए लूट लिए थे। मूलत: सिरोही हाल सरदारपुरा बी रोड निवासी मोहनलाल प्रजापत ने लूट का मामला दर्ज कराया था। गत दिनों मण्डोर में पदाला बेरा निवासी हिस्ट्रीशीटर पवन सोलंकी, पाली निवासी दिलीप कुमार गौड़ व कूड़ खोखरिया निवासी सुनील उर्फ बिट्टू बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया था। इनसे बाइक, कार व 21 लाख रुपए बरामद किए गए थे। वारदात में शामिल विक्रम उर्फ विक्की, राजेश सैनी, कुलदीप उर्फ केडी व रोनी जयपुर और सीकर भाग गए थे।
झुंझुनूं की मुकुन्दगढ़ थाना पुलिस ने गत दिनों राजेश सैनी व कुलदीप को पकड़ा था। जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया था। कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट लेकर पुलिस ने झुंझुनूं की जेल से झुंझुनूं के नवलगढ़ थानान्तर्गत झाझड़ गांव निवासी कुलदीप उर्फ केडी उर्फ हेमंत 23 पुत्र मनोहरसिंह और उदयपुरवाटी थानान्तर्गत पहाडि़या तहसील के ढाणी खरसाना कोठी निवासी राजेश कुमार उर्फ चिरानिया पुत्र सीताराम सैनी को गिरफ्तार किया। विक्रम व रोनी पकड़े नहीं जा सके हैं।
गोवा के केसीनो में हारा था 11 लाख रुपए
राजेश व केडी से पूछताछ में सामने आया कि गत 4 मार्च को 45 लाख रुपए डकैती के बाद उन्हें तीन लाख रुपए मिले थे। विक्रम को दस लाख रुपए दिए गए थे। हिस्ट्रीशीटर पवन सोलंकी को गोवा में समुद्र के बीच जहाज में बने केसीनो से पकड़ा गया था। केसीनो संचालक से रिकॉर्ड लिया गया तो सामने आया कि पवन केसीना में 11 लाख रुपए हार गया था।