इससे पहले एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण शनिवार को लगातार तीसरे दिन संभाग के अधिकांश हिस्सों में लू की स्थिति रही। जोधपुर शहर में पारा 45.8 डिग्री पर पहुंच गया जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। दिनभर शहर तंदूर की तरह तपता रहा। पड़ोसी जिले फलोदी में पारा 46.4 डिग्री रहा। शहर में न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह से ही तीखी धूप निकली रहने से तेज गर्मी रही। दिन चढ़ने के साथ मौसम गर्म होता गया। सुबह 10 बजे से ही लू चलनी शुरू हो गई। दोपहर होते-होते पारा 45.8 डिग्री तक पहुंचा। आसमान से बरस रही गर्मी में शहर मानो किसी तंदूर की तरह तपने लग गया। शहर के कई हिस्सों में तापमान 50 डिग्री तक पहुंच रहा था। तेज गर्मी के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त रहा। इंसानों के साथ पशु पक्षी भी बेहाल नजर आए। शाम 5 बजे तक भीषण गर्मी रही। गर्म हवा के कारण रात को भी राहत नहीं मिली।
टंकियों से आ रहा था उबलता पानी
गर्मी का आलम यह था कि सुबह 10 बजे से ही घर की छतों पर रखी पानी की टंकियों से गर्म पानी आना शुरू हो गया। दोपहर तक पानी इतना गर्म हो गया मानो उबल रहा हो। पानी गर्म होने पर घरों के दैनिक कार्यों में काफी परेशानी हुई।