जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल की पहली हमसफर रेलसेवा 'ताम्बरम एक्सप्रेस का संचालन सोमवार यानी की आज जोधपुर से रवाना होगी। भगत की कोठी (जोधपुर) को ताम्बरम (चैन्नई) से जोडऩे वाली साप्ताहिक नई हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन को आज भगत की कोठी स्टेशन से रेल राज्यमंत्री राजेन गोहेन दोपहर 12 बजे हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ट्रेन का नियमित संचालन 23 मई से होगा। इस ट्रेन के मिल जाने के बाद जोधपुरवासियों को चैन्नई के लिए अब 4 ट्रेनें मिल जाएगी। अब तक प्रत्येक सोमवार जोधपुर--चैन्नई, गुरुवार को चैन्नई-मन्नारगुड़ी संचालित हो रही है। इसके अलावा बीकानेर-कोयम्बटूर है, जो बीकानेर से रवाना होकर जोधपुर होते हुए कोयम्बटूर जाती है। गौरतलब है कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन आज शुरु होगी, जिसका उद्घाटन रेल राज्यमंत्री हरी झण्डी दिखा कर करेंगे। इस मौके पर उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी गोपाल शर्मा के अनुसार समारोह में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद नारायणलाल पंचारिया, राम नारायण डूडी, शहर विधायक कैलाश भंसाली व महापौर घनश्याम ओझा होंगे।