
,,
जोधपुर। तेल कम्पनियों ने वाणिज्यिक गैस के दामों में और कमी कर दी। 19 किलो का वाणिज्यिक सिलेण्डर 85 रुपए सस्ता हो गया, जबकि 14.2 किलो के घरेलू गैस के सिलेण्डर की कीमत तीन महीनों से 1110.50 रुपए ही बनी हुई है। घरेलू और वाणिज्यिक गैस के सिलेंडर के दामों में अब बहुत कम अंतर रह गया है। वाणिज्यिक सिलेंडर अब केवल 62 प्रतिशत महंगा है, जबकि करीब पांच साल पहले जनवरी 2019 में जब घरेलू गैस का सिलेण्डर 500 रुपए का था तब भी वाणिज्यिक सिलेंडर 1232 रुपए में मिला करता था यानी दुगुने से भी अधिक महंगा। केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी खत्म करने के बाद रसोई गैस काफी महंगी पड़ रही है।
जून 2023 में एलपीजी के विभिन्न दाम
घरेलू गैस
14.2 किलो 1110.50
5 किलो 407.50
10 किलो कम्पोजिट 791
5 किलो कम्पोजिट 407.50
व्यावसायिक गैस
19 किलो 1808
5 किलो एफटीएल रिफिल 478
5 किलो पीओएस 519.50
2 किलो पीओएस रिफिल 228
47.5 किलो सिलेंडर 4516
19 किलो नैनो कट 2061
जीएसटी अधिक होने के बावजूद वाणिज्यिक गैस सस्ती: घरेलू गैस पर 5 प्रतिशत जीएसटी लगता है जबकि वाणिज्यिक गैस पर 18 प्रतिशत जीएसटी दर है। यदि दोनों की जीएसटी दर समान हो जाए तो घरेलू और वाणिज्यिक के दामों में अंतर लगभग समाप्त हो जाएगा। वर्तमान में 19 किलो के वाणिज्यिक सिलेंडर में एलपीजी 95 रुपए प्रति किलो मिल रही है जबकि 14.2 किलो के सिलेंडर में 78 रुपए प्रति किलो मिल रही है। दोनों में केवल 17 रुपए प्रति किलो का अंतर है। जनवरी 2019 में घरेलू गैस 35 रुपए प्रति किलो और वाणिज्यिक गैस 64 रुपए प्रति किलो मिल रही थी यानी दोनों में 29 रुपए प्रति किलो का अंतर था।
घरेलू गैस पर सब्सिडी खत्म करने के कारण अब घरेलू व वाणिज्यिक गैस में अंतर कम रह गया है इसलिए वाणिज्यिक गैस की तुलना में घरेलू गैस के दाम अधिक बढ़े हैं।
दीपक गहलोत, अध्यक्ष, राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फैडरेशन
Published on:
02 Jun 2023 11:12 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
