वीडियो : जेके भाटी/जोधपुर. महर्षि दयानंद सरस्वती स्मृति भवन न्यास में चार दिवसीय 136वां ऋषि स्मृति सम्मेलन रविवार से प्रारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का आरंभ ऋग्वेद के चतुर्थ मंडल के मंत्रों से यज्ञ व ध्वजारोहण से किया गया। यज्ञ के ब्रह्मा आचार्य सत्यानंद वेदवागीश रहे। यज्ञ में वेदपाठ आर्ष कन्या गुरुकुल की ब्रह्मचारिणियों आचार्य सूर्या देवी चतुर्वेदा के मार्गदर्शन में किया गया। महर्षि दयानंद के जोधपुर में विषपान के 136वें वर्ष में आयोजित इस सम्मेलन में देश के विभिन्न प्रदेशों और राज्य के विभिन्न जिलों से प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मंत्री किशनलाल गहलोत ने बताया कि इस कार्यक्रम में वेद सम्मेलन, शिक्षा सम्मेलन, पंच महायज्ञ सम्मेलन, नारी सम्मेलन, हमारी संतान उत्तम कैसे हो, मृत्यु का भय कैसे मिटाएं और राष्ट्र रक्षा सम्मेलन के विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।