जोधपुर.
भगत की कोठी थाना पुलिस ने युवतियों की आवाज निकाल न सिर्फ युवतियों बल्कि युवकों को तंग व परेशान करने वाले एक युवक को शुक्रवार को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि युवतियों की आवाज में कुछ लोगों को फोन करके परेशान करने की शिकायत मिली। मोबाइल नम्बर के आधार पर तलाश शुरू कर प्रतापनगर में फैजा मस्जिद के पास निवासी शनवर अली पुत्र अनवर अली को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि वह युवतियों की आवाज में बात कर सकता है। वह काफी लम्बे समय से सिर्फ युवतियों को ही नहीं बल्कि युवकों से भी युवती की आवाज में बात कर रहा था। उसके युवक होने पर किसी ने संदेह नहीं जताया था। लगातार फोन करने से तंग व परेशान होकर एक-दो जनों ने पुलिस में शिकायत दी थी। फिलहाल युवक के किसी को ब्लैकमेल या रुपए ऐंठने की शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने उसे शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया ।