जोधपुर/ भोपालगढ़ . जोधपुर के ग्रामीण जिले में पुलिस की कमान संभाल रहे युवा आईपीएस अधिकारी धर्मेंद्रसिंह यादव के यहां कार्यभार संभालने के बाद से ही लगातार ’’सिंघम’’ स्टाइल में जिले के बदमाशों व अपराधियों को सलाखों के पीछे धकेल रहे हैं। इससे जिले के ग्रामीण इलाकों में बड़े अपराध व गैंगवार की घटनाओं का ग्राफ भी धरातल पर आ गया है। इसी क्रम में जोधपुर ग्रामीण जिले की पुलिस ने शनिवार व रविवार की दरमियानी रात एक बार फिर अपने सुपर अभियान ’’ऑपरेशन शिकंजा’’ को अंजाम दिया और जिले में 247 ठिकानों पर दबिश देकर करीब 175 बदमाशों व अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे धकेलने में सफलता पाई है।
पुलिस अधीक्षक जोधपुर (ग्रामीण) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर रेंज जयनारायण शेर के निर्देशानुसार जोधपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में ईनामी अपराधियों, संगठित गिरोह के अपराधियों, माफिया, स्टैंडिंग वारंटी व पीओ मफरूर के साथ ही सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो-वीडियो वायरल करने एवं अपराधियों को लाइक व फॉलो करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए कुल 46 अलग-अलग टीमें बनाकर अपराधियों के संभावित 247 ठिकानों पर दबिश देकर कार्यवाही की। उन्होंने बताया कि इस कार्यवाही के दौरान बालेसर, बिलाड़ा व चामू पुलिस ने 1-1 स्टैंडिंग वारंटियों को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा कापरड़ा व खेड़ापा में 1-1, चाखू में 2, भोपालगढ़, आसोप, बालेसर व पीपाड़ में 3-3, शेरगढ़ व बाप में 4-4 एवं फलोदी थाने में 7 समेत कुल 32 वारंटियों पर भी कार्यवाही की गई है। वहीं ’’ऑपरेशन गार्जियन’’ के तहत सोशल मीडिया पर बदमाश व्यक्तियों के हथियारों के साथ फोटो एवं इन्हें लाइक व फॉलो करने के साथ ही सोशल मीडिया पर रॉबिन हुड बनने के लिए हथियारों के साथ फोटो-विडियो वायरल करने के आरोप में पुलिस थाना खेड़ापा, भोपालगढ़, आसोप, भोजासर व कापरड़ा में 1-1, बोरुंदा में 2 एवं देचू, पीपाड़ व जाम्बा थानों में 3-3 जनों समेत कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कार्यवाही में पुलिस थाना शेरगढ़, बाप, फलोदी व चामू में 1-1, खेड़ापा, आसोप, बोरुंदा, बिलाड़ा व देचू में 2-2, ओसियां व कापरड़ा में 4-4, भोपालगढ़ व भोजासर में 5-5, तथा लोहावट थाने में 9 आरोपियों समेत कुल 42 वांछित अपराधियों को भी पकड़ा गया है।
फैक्ट फाइल
पुलिस की सफलता एक नजर में
3 सटेंडिंग वारंटी गिरफ्तार
32 गिरफ्तारी वारंट कार्यवाही
42 वांछित अपराधी गिरफ्तार
16 जने ऑपरेशन गार्जियन में पकड़े
15 जने लोकल व स्पेशल एक्ट में गिरफ्तार
65 जने शांति भंग के आरोप मेें गिरफ्तार
2 चोरी की बाइक बरामद
46 पुलिस टीमों ने की कार्यवाही
175 कुल बदमाश धरे गए सलाखों में
फलोदी . जिला जोधपुर ग्रामीण में चलाए जा रहे अभियान द्मद्मशिकंजाद्यद्य के तहत फलोदी थाने के सात वारंटी गिरफ्तार किए गए है। इनमें दिनेश पुत्र लालचंद कुमावत निवासी संजय नगर, गोपाल पुत्र नखताराम माली, निवासी नयापुरा मालियों का बास, कन्हैयालाल पुत्र श्यामलाल हरिजन, निवासी हरिजन बस्ती, समदाराम पुत्र लक्ष्मणराम गवारिया, निवासी बरकत कॉलोनी, बीरमपुरी पुत्र सूरजपुरी गोस्वामी निवासी राइका बाग, हजारीलाल पुत्र तुलछाराम विश्नोई निवासी मटोलचक, मांगीलाल पुत्र तुलछाराम विश्नोई निवासी हनुमानपुरा खारा को गिरफ्तार किया है। फलोदी में वृताधिकारी फलोदी रामकरणसिंह मलिण्डा के निर्देशन में थानाधिकारी फलोदी हुकमगिरी उ.नि. ने विभिन्न स्थलों पर दबिश देकर यह कार्यवाही की।
बदमाशों की पूरी कुंडली है तैयार
जोधपुर ग्रामीण जिले में पुलिस के ध्येय वाक्य ’’आमजन में विश्वास व अपराधियों में भय’’ को सार्थक बनाने के लिए ही बार-बार विशेष ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इससे जनता में भी पुलिस के प्रति विश्वास जगा है। इसके लिए जिले भर के बदमाशों की पूरी कुंडलियां तैयार की गई हैं और इनके छिपने के ठिकानों, इन्हें शरण देने वाले लोगों व इनकी अवैध तरीकों से जुटाई गई प्रोपर्टी का ब्यौरा भी जुटाया जा रहा है।
– धर्मेंद्रसिंह यादव, पुलिस अधीक्षक, जोधपुर (ग्रामीण)
इसके अलावा शांति भंग करने के आरोप में भी जिले में कुल 65 जनों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि मतोड़ा थाने के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल पड़ासला निवासी मोहनराम पुत्र सोनाराम को भी दस्तयाब किया गया है। जबकि भोपालगढ़, आसोप, शेरगढ़, देचू, पीपाड़, बोरुंदा, मतोड़ा व फलोदी पुलिस थानों में लोकल व स्पेशल एक्ट के कुल 11 प्रकरण दर्ज कर करीब 16 जनों को भी गिरफ्तार किया गया है। इस तरह इस अभियान में कुल 175 बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेला गया है। वहीं इसके अलावा लोहावट व कापरड़ा पुलिस ने चोरी की 2 बाइक बरामद कर इनके असली मालिक का पता लगाया जा रहा है। (निसं)
यों दिया ‘ऑपरेशन शिकंजा’ को अंजाम
पुलिस उपाधीक्षक भोपालगढ़ प्रेमकुमार चौधरी ने बताया कि ’’ऑपरेशन शिकंजा’’ की कार्यवाही को अंजाम देने के लिए पुलिस अधीक्षक जोधपुर (ग्रामीण) धर्मेंद्रसिंह यादव के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाशदान जुगतावत व नवाब खान ने जिले भर में वांछित अपराधियों के रहवासी ठिकानों को चिन्हित करने एवं कार्यवाही को अंजाम देने के निर्देश दिए थे। अभियान की संपूर्ण रूपरेखा के अनुरूप जिले भर में सभी पुलिस उपाधीक्षकों व थाना प्रभारियों के साथ-साथ जिला विशेष टीम (डीएसटी), क्यूआरटी एवं ड्रोन टीम समेत कुल 46 पुलिस टीमों ने 247 ठिकानों पर दबिश देकर कार्यवाही को अंजाम दिया।