
जोधपुर। जोधपुर एयरपोर्ट (Jodhpur airport) पर इन दिनों यात्रियों को छोड़ने आए परिजनों और एयरपोर्ट पार्किंग के ठेकाकर्मियों के मध्य नोक-झोंक हो रही है। एयरपोर्ट पर पिक एण्ड ड्रॉप एरिया में तीन मिनट से अधिक समय तक वाहन खड़ा करने पर 500 रुपए का जुर्माना लग रहा है।
दरअसल, एयरपोर्ट (Jodhpur airport) के पिक एण्ड ड्रॉप एरिया और मुख्य गेट के मध्य अप्रोच रोड काफी छोटी है। दोपहर के समय यहां ट्रेफिक जाम की स्थिति हो जाती है। एयरपोर्ट ऑथरिटी ऑफ इंडिया ने पिक एण्ड ड्रॉप के लिए तीन मिनट का समय निर्धारित कर रखा है अथवा वाहन को पार्किंग में खड़ा करना पड़ता है। यात्रियों को लेने और छोड़ने आने वाले वाहन यहां इकठ्ठा हो जाते हैं और जैसे ही तीन मिनट बीतते हैं, ठेकाकर्मी आकर 500 रुपए की रसीद फाड़ देता है।
एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से तीन मिनट समय निर्धारण के बारे में बार-बार अनाउंसमेंट किया जा रहा है, लेकिन लोग इस पर ध्यान नहीं देते। पाली से अपनी बेटी को मुम्बई की फ्लाइट पर छोड़ने आए डॉ दिलीप सिंह राठौड़ ने बताया कि पता ही नहीं तीन मिनट कब बीत गए और ठेकाकर्मी ने आकर रसीद काट दी। इसका समय बढ़ाया जाना चाहिए।
हम लगातार अनाउंटमेंट कर रहे हैं। साइन बोर्ड लगाए हैं। एयरपोर्ट कर्मचारी समझाइश कर रहे हैं। ट्रेफिक जाम से बचने के लिए यह जुर्माना लगाया जा रहा है।
गायत्री वेंकटेश्वरन, निदेशक, जोधपुर एयरपोर्ट
Published on:
13 Jun 2023 03:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
