जोधपुर . 'आजकल अपराधी हाईटैक हो गए हैं। जिस कानून की दुहाई देकर उनको बचाने का प्रयास किया जा रहा है, वे 30 से 40 साल पुराने हो चुके हैं। हम इक्कीसवी सदी में जी रहे हैं। एक तरफ अपराधी के हित साधे जा रहे हैं और दूसरी तरफ जनहित है। अपराधी मोबाइल पर धमकी देते हैं। उनका वॉयस सेम्पल लिया जाना बहुत जरूरी है, जिसे निचली अदालतों ने नकार दिया है। सर, ऊपर ईश्वर बैठा है और नीचे हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश रूपी धरती के ईश्वर बैठे हैं। उनसे आम आदमी न्याय की उम्मीद रखता है। 'राजस्थान हाईकोर्ट में गुरुवार को जब जोधपुर पुलिस कमिश्नर ने न्यायाधीश विजय विश्नोई के समक्ष यह भावुक गुहार लगाई, तो कोर्टरूम में मौजूद सभी अधिवक्ता व पक्षकार चकित रह गए। कमिश्नर का आग्रह सुन न्यायाधीश ने कहा, 'कल भी सुनवाई जारी रहेगी, देखते हैं, क्या निकल कर आता है।'