
जोधपुर. जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर ) डॉ. रवि कुमार सुरपुर ने रविवार को आदेश जारी कर आचार संहिता के उल्लंघन के मामले पीपाड़ शहर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नं. 1 के प्रधानाध्यापक इन्द्रसिंह राठौड़ को निलंबित किया। वहीं आचार संहिता उल्लघंन के अन्य दो मामलों में प्राचार्य व डॉक्टर का चेतावनी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 12 अक्टूबर को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नं. 1 पीपाड़ शहर में विश्व बालिका दिवस पर कार्यक्रम आयोजित हुआ था। जहां मुख्य अतिथि महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष अनिता दर्जी थी। कार्यक्रम में बालिकाओं को निशुल्क पेन व रजिस्टर का वितरण किया गया। इस दौरान प्रधानाध्यापक इंद्रसिंह राठौड़ ने नगर अध्यक्ष के साथ फोटो भी खिंचवाई थी। आचार संहिता के उल्लंघन पर इंद्र सिंह राठौड़ को नोटिस जारी कर मामले की जांच पीपाड़ शहर के उपखंड अधिकारी से करवाई गई। जांच में तथ्यों की पुष्टि होने पर रविवार को आदेश जारी कर राठौड़ को निलंबित कर दिया गया। राठौड़ का निलंबन काल में मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक, मुख्यालय) जोधपुर रहेगा।
इनको चेतावनी दी
बिलाड़ा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में व्याख्याता किशनसिंह ने एक राजनीतिक दल के पक्ष में पोस्ट करने पर रिटर्निंग अधिकारी मुकेश चौधरी ने किशनसिंह को नोटिस जारी किया था। इसके अलावा जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेटेलाइट अस्पताल के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. हस्तीमल आर्य को ड्यूटी के दौरान भाजपा सरकार के कार्यों की तरीफ करने और पार्टी को पक्ष में वोट देने की अपील करने पर आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस जारी किया था। दोनों के मामले की जांच के बाद उन्हें चेतावनी दी गई।
Published on:
22 Oct 2018 04:19 pm
