
जनसुनवाई में पुराने फरियादी, नई अर्जी के साथ पहुंच कर की गुहार
पीपाड़सिटी (जोधपुर) . राज्य सरकार की ओर से स्थानीय निकायों के खर्च पर रोक के साथ निजी आय नहीं होने के चलते ठेका पद्दति से जुड़े सफाई कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नही मिल पा रहा हैं। जिला कलक्टर के निर्देश पर गुरुवार को आयोजित प्रशासनिक जनसुनवाई में ऐसे फरियादी भी आए जो गत पांच वर्षों से अपनी फरियाद दर्ज कराते रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान द्रौपदी का चीर बनकर रह गया।
पंचायत समिति सभागार में प्रशिक्षु आईएएस एवं उपजिला कलक्टर डॉ. अंशु प्रिया की अध्यक्षता में उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। प्रशिक्षु आइएएस डॉ. अंशु प्रिया ने भी सफाई कर्मचारियों के वेतन नहीं मिलने को गम्भीरता से लिया। उन्होंने इसको लेकर कड़े निर्देश भी दिए।
इसके अलावा अपने गुमशुदा मनोरोगी पुत्र के मामले में सत्तर वर्षीय पिता ब्रज बल्लभ खंडेलवाल 2014 से जनसुनवाई में फरियाद करते पहुंचे, लेकिन पुलिस की ओर से एक ही जबाब प्रकरण चल रहा हैं, तलाश की जा रही हैं का दो टूक जबाब मिला।
ड्रेनेज सिस्टम पर उठाए सवाल
डॉ. अंबेडकर सर्कल के पास जलभराव की समस्या को लेकर भाजपा कार्यकर्ता कल्याण सिंह टाक ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पालिका की ओर से कोई समाधान नही होने पर आक्रोश जताते बताया कि ड्रेनेज सिस्टम पर लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी जलभराव की समस्या का समाधान नहीं होना आश्चर्यजनक हैं।
शिकायतों का लेखा-जोखा
- जन सुनवाई में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें बिजली संबंधी 1 शिकायत, राजस्व विभाग की 2,नगर पालिका की 2 शिकायत, पुलिस विभाग से संबंधित 2 शिकायतें, पानी संबंधी 3 शिकायते व बैंक से संबंधी 1 शिकायत प्राप्त हुई।
- इन शिकायतों को दर्ज रजिस्टर किया जाकर संबंधित परिवादी को पावती रसीद दी गई एवं शिकायतें ऑनलाइन सम्पर्क पोर्टल के माध्यम से संबंधित अधिकारी को प्रेषित की जाकर शिकायते यथाशीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।
- प्रशिक्षु महिला आईएएस अधिकारी की ओर से फरियादी को कुर्सी पर बैठाकर उसकी बात को ध्यान से सुन समस्या के समाधान में देरी के कारणों के साथ अधिकारियों की ओर से किए गए प्रयासों की जानकारी लेकर फरियादी को संतुष्ट करने की कार्यशैली ग्रामीणों को रास आई।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
जनसुनवाई में तहसीलदार विशनाराम, विकास अधिकारी मंछाराम, पालिका राजस्व निरीक्षक अक्षय राजपुरोहित, डिस्कॉम के जमालुद्दीन,जलदाय विभाग के सहायक अभियंता मेहराम चौधरी, पीडब्ल्यूडी के बुद्धाराम, ब्लॉक पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कल्पत मालवीय, सीबीईओ सुमेरसिंह, डीटीओ के प्रशासनिक अधिकारी झूमरलाल टाक,सहायक प्रशासनिक अधिकारी यशपाल चौधरी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Published on:
9 Feb 2024, 6:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.